Advertisement
07 March 2017

गायत्री प्रजापति के दो और साथी पुलिस की गिरफ्त में

google

राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) दलजीत चौधरी ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को नोएडा के पास से गिरफ्तार किया गया है। आशीष शुक्ला और अशोक तिवारी नाम के आरोपियों को लखनऊ लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने गायत्री प्रजापति और उनके छह साथियों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार और यौन उत्पीड़न के आरोप में गत 18 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया था। उसी आदेश के तहत लखनऊ के गौतमपल्ली थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई, इसके बाद मामले की जांच कर रही पुलिस उपाधीक्षक अमिता सिंह ने पीड़िता का बयान दिल्ली जाकर दर्ज किया था।

बयान दर्ज होने के बाद पुलिस की बढी सक्रियता के बीच गायत्री प्रजापति ने उच्चतम न्यायालय से गिरफ्तारी पर रोक लगाने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी याचिका सोमवार को खारिज हो गई। आज गिरफ्त में लिए गए आशीष शुक्ला और अशोक तिवारी से पहले गायत्री प्रजापति के गनर चन्द्रपाल को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था, जिसने साजिशन फंसाए जाने का दावा करते हुए कहा था कि वह पूरी तरह निर्दोष है। उसे नहीं जानकारी है कि आरोप लगाने वाली महिला ऐसा क्यों कर रही है। ये तीनों ही मामले में नामजद आरोपी हैं।

TAGS: गायत्री प्रजापति, दो और साथी, पुलिस, गिरफ्त में
OUTLOOK 07 March, 2017
Advertisement