Advertisement
01 March 2021

असम चुनाव के लिए प्रियंका एक्टिव, कामाख्या मंदिर में की पूजा

असम चुनाव के लिए प्रियंका एक्टिव, कामाख्या मंदिर में की पूजा | ANI TWITTER

कांग्रेस महासचिव एवं स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा असम के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार सुबह यहां पहुंचीं। बता दें कि राज्य में विधानसभा के चुनाव होने हैं।

वाड्रा ने गुवाहाटी में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद गुवाहाटी में नीलाचल पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी थे।
उन्होंने मंदिर परिसर में संवाददाताओं से कहा, “मैं लंबे समय से कामाख्या मंदिर आने के बारे में सोच रही था और मेरी मनोकामना आज पूरी हुई। मैंने देवी की पूजा की और उनसे अपने परिवार के लिए आशीर्वाद मांगा। मैंने असम और राज्य के लोगों के कल्याण के लिए भी प्रार्थना की।”

वह लखीमपुर में सोनारी गांव पंचायत में पार्टी के पदाधिकारियों को संबोधित करेंगी और विभिन्न वर्गों के लोगों से बातचीत करेंगी। उनके द्वारा बेरोजगारी पर पार्टी का राज्यव्यापी अभियान शुरू किये जाने की भी संभावना है।

Advertisement

वाड्रा बिश्वनाथ जिले में चाय बागान श्रमिकों के साथ बातचीत करेंगी। उनका 16वीं शताब्दी के वैष्णव उपदेशक एवं श्रीमंत शंकरदेव के प्रमुख शिष्य माधवदेव के जन्मस्थान लेटेकु पुखुरी का दौरा करने का भी कार्यक्रम हैं।

वह मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगी। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के आधिकारिक तौर पर कांग्रेस के महागठबंधन में शामिल होने के एक दिन बाद हुई इस यात्रा से राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ने की उम्मीद है।

इससे पहले पार्टी के नेता राहुल गांधी ने 14 फरवरी को राज्य का दौरा किया था और शिवसागर में एक चुनावी रैली को संबोधित किया।

TAGS: Priyanka Gandhi Vadra, प्रियंका गांधी वाड्रा, Priyanka active for Assam election, सम चुनाव के लिए प्रियंका एक्टिव, असम विधानसभा चुनाव, Assam Assembly Election
OUTLOOK 01 March, 2021
Advertisement