Advertisement
02 January 2025

राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने केरल के राज्यपाल के रूप में शपथ ली, सीएम विजयन रहे मौजूद

राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने गुरुवार को राजभवन में आयोजित एक समारोह में केरल के 23वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति नितिन जामदार ने सुबह 10.30 बजे उन्हें शपथ दिलाई।

आर्लेकर ने एक्स पर लिखा, "आज केरल के राज्यपाल पद की शपथ लेना मेरे लिए एक गौरवपूर्ण क्षण और महत्वपूर्ण दायित्व है। इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राज्य की सेवा करना मेरा सौभाग्य है। संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हुए, मैं केरल के विकास और समृद्धि को नए आयाम देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करूंगा।"

उन्होंने आरिफ मोहम्मद खान का स्थान लिया, जिन्हें बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। 

Advertisement

गौरतलब है कि शपथ ग्रहण समारोह में केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

आर्लेकर बुधवार को केरल की राजधानी पहुंचे और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री विजयन, केरल विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमशीर और मंत्रियों के राजन और रामचंद्रन कदन्नापल्ली ने उनका स्वागत किया।

पिछले सप्ताह भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खान को बिहार का नया राज्यपाल नियुक्त किया तथा निवर्तमान राज्यपाल आर्लेकर को केरल का राज्यपाल बनाया।

TAGS: Rajendra vishwanath arlekar, oath taking ceremony, cm pinarayi vijayan, kerala governor
OUTLOOK 02 January, 2025
Advertisement