Advertisement
27 January 2016

शिंगणापुर ग्राम सभा ने भूमाता ब्रिगेड के खिलाफ पारित किया प्रस्ताव

शिंगणापुर ग्राम सभा ने भूमाता ब्रिगेड के खिलाफ पारित किया प्रस्ताव | PTI

शिंगणापुर की ग्राम सभा की एक बैठक में ब्रिगेड और उसकी प्रमुख तृप्ति देसाई की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। कल कार्यकर्ताओं ने शनि भगवान की पूजा करने के लिए निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर इस मंदिर की ओर बढ़ने का प्रयास किया था। पुलिस ने इन कार्यकर्ताओं को सूपा गांव में हिरासत में ले लिया लेकिन उन्हें कुछ घंटे बाद शाम को छोड़ दिया गया। इन महिला कार्यकर्ताओं को बस में वापस पुणे भेज दिया गया।

हिरासत में ली गई महिलाओं को सूपा में एक विवाह भवन में रखा गया था जहां उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और नारे लगाए। इस कार्रवाई का विरोध करते हुए महिला कार्यकर्ता सड़क पर लेट गईं और वे चिल्ला रही थीं कि गणतंत्र दिवस के दिन यह महिलाओं के लिए काला दिवस है। नाराज देसाई ने जानना चाहा कि महिलाओं से भेदभाव क्यों हो रहा है और उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ता अपनी योजना के अनुसार आगे बढ़ेंगी।

महिलाओं के समर्थन में आए फडणवीस  

Advertisement

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंदिर प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच बातचीत का समर्थन किया ताकि महिलाओं के मंदिर के भीतरी क्षेत्र स्थित पवित्रा चबूतरे पर प्रतिबंध को लेकर रास्ता निकाला जा सके। फडणवीस ने कहा कि महिलाओं को पूजा करने का अधिकार है। गृह प्रभार संभालने वाले फडणवीस ने ट्वीट किया, भारतीय संस्कृति और हिंदू धर्म महिलाओं को पूजा का अधिकार देता है। कल की परंपरा में परिवर्तन हमारी संस्कृति है। पूजा में भेदभाव हमारी संस्कृति में नहीं है। मंदिर प्रशासन को इस मुद्दे को बातचीत से सुलझाना चाहिए।

महाराष्ट्र के गृह राज्यमंत्री राम शिंदे ने कहा कि सरकार एक सौहार्दपूर्ण हल निकालने के लिए शनि शिंगणापुर मंदिर प्रशासन और महिला कार्यकर्ताओें के बीच बातचीत की पहल करेगी।

TAGS: शनि शिंगणापुर मंदिर, पवित्र चबूतरा, महिलाओं का प्रवेश, देवेंद्र फडणवीस, मुख्‍यमंत्री, महाराष्‍ट्र, ग्राम सभा, प्रस्‍ताव
OUTLOOK 27 January, 2016
Advertisement