Advertisement
18 October 2021

महाराष्ट्र में कोरोना से हालात फिर गंभीर, 21 गांवों में लॉकडाउन, आधारवाडी जेल के 20 कैदी भी संक्रमित, अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण

महाराष्ट्र में कोरोना अभी भी चिंता की वजह बना हुआ है। हालांकि हालात अब पहले से कई बेहतर हो गए हैं। स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन अहमदनगर जैसे जिले राज्य के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। जिले में एक दिन में 200 से 400 मामले सामने आ रहे हैं। इसकी वजह से 21 गावों में लॉकडाउन कर दिया गया है। वहीं कल्याण स्थित आधारवाडी जेल में भी 20 कैदियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यहां इससे पहले भी अप्रैल में लगभग 30 प्रतिशत कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

राज्य में संक्रमण नियंत्रित करने के लिए प्रशासन अलर्ट हो गई है। अधिकारियों ने 21 गावों में नियंत्रण क्षेत्र बनाए हैं और 23 अक्टूबर तक लॉकडाउन कर दिया है। इससे पहले 69 गांवों में लॉकडाउन किया गया था, लेकिन जैसे ही 61 गांवों में स्थिति में सुधार हुआ वहां से प्रतिबंध लगा दिए गए हैं।

लॉकडाउन के दौरान इन क्षेत्रों में स्कूल, दुकानें और धार्मिक स्थल बंद रहेंगे वहीं आवश्यक सेवाएं जैसे- मेडिकल स्टोर, क्लीनिक और डायग्रोस्टिक लैब चालू रहेंगे। बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा और इन गांवों में पांच से अधिक लोगों के जमावड़े पर रोक लगाई गई है।

Advertisement

स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस के 1,715 नए मामले सामने आए जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामले 65 लाख 91 हजार 697 हो गए हैं। राज्य में संक्रमण से 29 और लोगों की मौत हुई जिसके बाद मृतकों की संख्या 1 लाख 39 हजार 789 हो गई है।

राज्य में ठीक होने की दर 97.39 फीसदी है और मृतक दर 2.12 फीसदी है। महाराष्ट्र में वर्तमान में 28 हजार 631 सक्रिय मामले हैं। मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 366 नए मामले सामने आए, यहां वायरस के कारण किसी की मौत नहीं हुई।

 

 

 

TAGS: महाराष्ट्र में कोरोना, कोरोना वायरस, कोविड 19, कोरोना संक्रमण, महाराष्ट्र लॉकडाउन, जेल में कोरोना, corona in maharashtra, corona virus, covid 19, corona infection, maharashtra lockdown, corona in jail
OUTLOOK 18 October, 2021
Advertisement