Advertisement
21 January 2019

सिद्धगंगा मठ के महंत शिवकुमार स्वामी का निधन, पीएम मोदी-राहुल गांधी ने जताया शोक

File Photo

कर्नाटक में तुमकुरु स्थित सिद्धगंगा मठ के प्रमुख डॉ. शिवकुमार स्वामीगलु स्वामी का 111 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार थे और उनका मठ में ही इलाज चल रहा था। उनके निधन के बाद राज्य के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है। इसके अलावा कल पूरे राज्य में सरकारी छुट्टी रहेगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शिवकुमार स्वामी को श्रद्धांजलि दी है। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें भारत रत्न देने की मांग की है।

मठ में पहुंचे कई नेता

उनके अंतिम दर्शन करने के लिए मठ में वीआईपी लोगों का तांता लगा हुआ है। सोमवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी. कुमारस्वामी, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस. येदियुरप्पा, सदानंद गौड़ा शिवकुमार स्वामी का हालचाल लेने पहुंचे थे। इससे पहले प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जी. परमेश्वर मठ भी यहां का दौरा कर चुके हैं।

Advertisement

इसी दौरान राज्य के गृहमंत्री एमबी पाटिल सिद्धगंगा मठ पहुंचे और स्वामी जी के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली थी। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता जगदीश शेट्टार भी मठ पहुंचे थे। जगदीश शेट्टार ने कहा था कि डॉ. शिवकुमार स्वामी सुपर ह्यूमन हैं।

कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदुयुरप्पा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि राष्ट्र ने एक महान हस्ती खो दी है। उनका जाना एक बड़ा नुकसान है। उन्होंने वह पूरा जीवन जिया जो इतिहास में अद्वितीय है। वह 90 साल तक काम करते रहे।

पित्ताशय और यकृत की बाईपास सर्जरी

पिछले महीने चेन्नई के एक निजी अस्पताल में स्वामी जी के पित्ताशय और यकृत की बाईपास सर्जरी की गई थी। बाद में उनको बेंगलुरु लाया गया था। वहां से उन्हें तुमकुरु के सिद्धगंगा मठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

कौन हैं महंत डॉ. शिवकुमार स्वामी?

कर्नाटक के सभी 30 जिलों में मठों का जाल फैला हुआ है। जातीय समीकरण के लिहाज से मठों का अपना प्रभुत्व और दबदबा है जो राजनीतिक दलों को उनकी ओर आकर्षित करता है। राज्य में सबसे अधिक दबदबे वाले लिंगायत समुदाय की संख्या 18 फीसदी है। इस समुदाय का मुख्य मठ सिद्धगंगा बेंगलुरू से लगभग 80 किलोमीटर दूर तुमकुरु में है। इस मठ को भाजपा समर्थक माना जाता है।

भारत रत्न देने की उठ चुकी है मांग

पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता बीएस येदियुरप्पा और जगदीश शेट्टार के बाद वर्तमान सीएम एचडी कुमारस्वामी ने भी सिद्धगंगा मठ के प्रमुख डॉ. शिवकुमार स्वामी को भारत रत्न देने की मांग की थी। कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कहा था कि केंद्र सरकार को तुमकुरु सिद्धगंगा मठ के 111 साल के महंत शिवकुमार स्वामी को भारत रत्न से सम्मानित करना चाहिए। कुमारस्वामी ने साल 2006 में भी स्वामी को उनके अच्छे काम के लिए भारत रत्न देने की सिफारिश की थी। अगर जरूरी हुआ तो इस मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने की बात भी कही थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sri Shivakumara Swami, Siddaganga Math, kanataka, pm modi, rahul gandhi
OUTLOOK 21 January, 2019
Advertisement