Advertisement
16 April 2024

सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी की घटना से पहले आरोपियों ने तीन बार रेकी की थी: पुलिस

सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने मंगलवार को कहा कि मुंबई में सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए दो लोगों ने घटना से पहले अभिनेता के घर के आसपास तीन बार रेकी की थी।

बिहार के रहने वाले विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) रविवार सुबह बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट में खान के घर के बाहर गोलीबारी की घटना के बाद से भाग रहे थे।

पुलिस ने कहा कि उन्हें सोमवार देर रात गुजरात के कच्छ जिले के माता नो मध गांव से पकड़ा गया। घटना के वक्त विक्की मोटरसाइकिल चला रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीछे बैठे सागर ने कथित तौर पर अभिनेता के घर पर गोलीबारी की।

Advertisement

मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) लख्मी गौतम ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि दोनों लोगों को मंगलवार सुबह एक उड़ान से यहां लाया गया। उन्होंने बताया कि उनकी मेडिकल जांच के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें 25 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

अधिकारी ने कहा, "आरोपी व्यक्तियों ने गोलीबारी की घटना से पहले खान के घर के आसपास तीन बार रेकी की थी।"

उन्होंने कहा, रविवार को आरोपी व्यक्तियों ने पांच राउंड गोलियां चलाईं - एक दीवार पर और दूसरी खान के आवास की गैलरी में लगी। घटना की जांच के दौरान गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने वाला एक फेसबुक पोस्ट सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, यह पोस्ट कथित तौर पर जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई ने अपलोड किया था।

अधिकारी ने कहा, ''अब तक, अपराध में अनमोल बिश्नोई की भूमिका मुख्य रूप से दिखाई दे रही है और हम इसकी जांच कर रहे हैं।''

कच्छ-पश्चिम के उप महानिरीक्षक महेंद्र बागड़िया ने दिन में पहले कहा था कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सागर और विक्की दोनों को लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने खान के घर पर गोलीबारी करने के लिए काम पर रखा था। जब सागर ने खान के घर पर गोलीबारी की, तो विक्की गिरोह के सदस्यों के संपर्क में था, बगड़िया ने कहा, दोनों लोगों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Salman khan, mumbai, firing, police, arrest
OUTLOOK 16 April, 2024
Advertisement