Advertisement
22 March 2018

फेसबुक डेटा लीक: केसी त्यागी ने बेटे का नाम आने पर दी सफाई, तेजस्वी ने साधा निशाना

के सी त्यागी (बाएं), तेजस्वी यादव (दाएं)

फेसबुक डेटा लीक मामले में राजनीतिक मुद्दा गरमा गया है। पार्टियां एक दूसरे को मामले में घसीट रही हैं। कांग्रेस-भाजपा के आरोप-प्रत्यारोप के बाद अब राजद-जेडीयू भी इसमें कूद गई हैं।

इस मामले में जेडीयू नेता केसी त्यागी के बेटे का अमरीश त्यागी का नाम आने के बाद जेडीयू ने केसी त्यागी से इस मामले पर सफाई मांगी है।

केसी त्यागी ने मीडिया के सामने सफाई देते हुए कहा, ‘मेरे बेटे की कंपनी और कैम्ब्रिज एनालिटिका के बीच सिर्फ कामकाज का संबंध है, यहां किसी तरह का फाइनेंसियल लेन-देन या शेयर होल्डिंग नहीं है। उन्होंने कहा कि सबकुछ जांच के लिए खुला है। जेडीयू का इससे कोई लेना-देना नहीं है और न ही 2010 के चुनावों में उन्होंने हमारे लिए प्रचार किया।

Advertisement

केसी त्यागी ने यह भी कहा है कि कैम्ब्रिज एनालिटिका या इसके सीईओ से न तो मेरी और न ही नीतीश कुमार ने मुलाकात की है। जेडीयू एक सोशलिस्ट पार्टी है और हम ऐसी चीजों से दूर रहते हैं।

तेजस्वी ने साधा निशाना

वहीं, बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी इसे लेकर जेडीयू नेता केसी त्यागी के बेटे पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, 'जिस कंपनी का नाम सामने आ रहा है, वो भाजपा की क्लाइंट लिस्ट में है, जिसे केसी त्यागी के बेटे चलाते हैं।'

तेजस्वी यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि फेसबुक पर भाजपा की लोकप्रियता घट रही है। वो फेसबुक के मालिक को चुनौती दे रहे हैं। अगर सरकार में ताकत है तो वह नीरव मोदी, ललित मोदी और विजय माल्या को समन क्यों नहीं भेजती।

कौन हैं अमरीश त्यागी?

जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी का नाम इस मामले आने की वजह उनके बेटे अमरीश त्यागी है। अमरीश ओवलीनो बिजनेस इंटेलिजेंस (ओबीआई) प्राइवेट लिमिटेड के एमडी है। यह भारत में क्रैम्ब्रिज एनालिटिका एससीएल इंडिया से जुड़ा है। इसकी वेबसाइट के मुताबिक, यह लंदन के एससीएल ग्रुप और ओवलीनो बिजनेस इंटेलिजेंस (ओबीआई) प्राइवेट लिमिटेड के साथ मिलकर काम करती है। डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी अभियान में बतौर रिसर्चर में शामिल होने की बात अमरीश त्यागी पहले ही बता चुके हैं। अंबरीश ने कहा कि कैम्ब्रिज एनालिटिका ने उन्हें मीडिया से इस बारे में कोई बात करने से मना किया है।

लेकिन इस कंपनी के सूत्र ने कहा है कि कैम्ब्रिज एनालिटिका की भारत में कोई उपस्थिति नहीं है और ओबीआई उनके लिए कुछ 'सोशल प्रोजेक्ट्स' करता है।

कैम्ब्रिज एनालिटिका के लिए ओबीआई कुछ जमीनी रिसर्च और तकनीक के बारे में बताता था और जब भी जरूरत होता इसे कैम्ब्रिज एनालिटिका को देता था। कांग्रेस ने इस मामले में अमरीश का नाम लिया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: k c tyagi, amrish, cambridge analytica, tejashwi yadav, jdu, rjd
OUTLOOK 22 March, 2018
Advertisement