Advertisement
17 February 2018

अरुणाचल प्रदेश: हजारों कार्यकर्ता बीजेपी छोड़ दोबारा कांग्रेस में हुए शामिल

Symbolic Image

अरुणाचल प्रदेश के नामसइ जिले के अंतर्गत आने वाले लेकांग विधानसभा क्षेत्र में हजारों की संख्या में पुरुष और महिलाओं ने दोबारा कांग्रेस जॉइन की। ये सभी पहले बीजेपी से जुड़े हुए थे।

पीटीआई के मुताबिक, अरुणाचल कांग्रेस के अध्यक्ष तकाम संजोय ने इसे राज्य की समृद्धि के लिए जन जागृति का नाम दिया है। महादेवपुर में हाल ही में हुई एक रैली में सभी कांग्रेस के साथ आए।

इस मौके पर तकाम ने कहा, 'यह सीमित क्षेत्र और अधिक जनसंख्या वाले लेकांग क्षेत्र की स्थिति में सुधार लाने के लिए एकजुट होने का आह्वान है। यहां के लोग खासकर युवा मेहनती और ऊर्जावान हैं लेकिन स्थानीय नेता बार-बार चुने जाने पर भी यहां के लोगों की परेशानियों के लिए कुछ नहीं करते। इस वजह से यहां की वर्तमान स्थिति बेहद दयनीय हो गई है।'

Advertisement

यहां के महिला अंतरिम समूह की अध्यक्ष लोकेश्वरी मिली और पूर्व मंत्री बिदा ताकू ने लेकांग और महादेवपुर के लिए आवंटित किए गए फंड के दुरुपयोग का मुद्दा उठाया था। तकाम ने इनका उदाहरण देते हुए रैली में कहा, 'आपने अपने अधिकारों की मांग करने के लिए उचित रूप से विद्रोह किया है।'

उन्होंने सफलता प्राप्त करने के लिए युवाओं से साथ आने की अपील की है। बीजेपी पर प्रहार करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, 'बीजेपी समाज को तोड़ने में निपुण है, लेकिन दुनिया की सबसे बड़ी और पुरानी पार्टी कांग्रेस उन्हें गांधीवादी भावना के साथ जोड़ रही है और अहिंसा के लिए वकालत कर रही है।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, Congress, arunachal pradesh, workers left bjp
OUTLOOK 17 February, 2018
Advertisement