Advertisement
21 February 2016

छत्‍तीसगढ़: सोनी सोरी पर एसिड जैसा हमला

indiaresists.com

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गीदम थाना क्षेत्र के अंतर्गत जवांगा गांव के करीब अज्ञात लोगों ने सोनी सोरी पर हमला कर दिया है तथा उसके चेहरे पर ग्रीस जैसा कोई पदार्थ पोत दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोरी आज अपने दो अन्य साथियों के साथ जगदलपुर से अपने गृहग्राम गीदम के लिए मोटरसायकल से रवाना हुई थी। सोरी बस्तानार घाट पार करने के बाद जब जवांगा गांव के करीब पहुंची तब कुछ मोटरसायकल सवार लोगोें ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ धक्कामुक्की करते हुए उनके चेहरे पर ग्रीस जैसा पदार्थ लगा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भाग गए।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद जब सोरी के चेहरे में जलन होने लगी तब वह सीधे गीदम के अस्पताल गई तथा पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गीदम के अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि हमलावरों ने सोरी के चेहरे पर ग्रीस या बाम जैसा क पदार्थ लगा दिया है जिससे चेहरे में जलन हो रही है। सोरी को बेहतर ईलाज के लिए बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर के लिए रवाना कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Advertisement

इधर राज्य में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक संकेत ठाकुर ने आरोप लगाया है कि बस्तर में मानवाधिकार उलंघन के मामलों को उठाने के कारण सोरी पर हमला किया गया है। ठाकुर ने कहा कि अज्ञात लोेगों द्वारा कुछ दिनों पहले सोरी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। लेकिन पुलिस ने सोरी को सुरक्षा प्रदान नहीं किया है।

दंतेवाड़ा जिला निवासी सोनी सोरी पर नक्सली सहयोगी होने के आरोपों के बाद उन्हें पुलिस ने गिरफतार कर लिया था। बाद में वह जमानत पर रिहा हो गई। शिक्षिका सोरी बाद में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई और वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में वह आम आदमी पार्टी के टिकट से बस्तर लोकसभा क्षेत्र चुनाव भी लड़ी थी। हालंकि वह चुनाव हार गई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: छत्‍तीसगढ़, सोनी सोरी, हमला, आम आदमी पार्टी, सामाजिक कार्यकर्ता, दंतेवाड़ा
OUTLOOK 21 February, 2016
Advertisement