Advertisement
15 March 2018

हिमाचल से नड्डा और उत्तराखंड से बलूनी राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए

केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए | ANI

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा राज्यसभा के लिए दूसरी बार निर्विरोध चुने गए हैं। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नड्डा जी का स्वागत किया गया।

नड्डा ने एक बार फिर राज्यसभा के लिए चुने जाने पर पीएम मोदी, अमित शाह और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र हिमाचल को हर संभावित मदद देगा। नड्डा ने कहा कि हिमाचल जैसे छोटे राज्य के लिए एम्स मिलना और मेडिकल कॉलेज खोलना केंद्र की हिमाचल के लिए सौगात है।

नड्डा ने विपक्ष को भी प्रत्याशी नहीं उतारने के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने नडडा के एक बार फिर राज्य सभा के लिए चुनाव पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश के लिए उनका योगदान जारी रहेगा।

Advertisement

उत्तराखंड से अनिल बलूनी

वहीं, उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। विधानसभा में रिटर्निंग ऑफ़िसर ने उन्हें सर्टिफ़िकेट सौंप दिया।

गुरुवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था। विधानसभा में संख्या बल न होने की वजह से कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था। इस तरह बलूनी अकेले ही मैदान में थे।

विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर मदन सिंह कुंजवाल ने अनिल बलूनी को राज्यसभा में चुने जाने का सर्टिफिकेट सौंप दिया। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और कई विधायकों के साथ पार्टी के पदाधिकारी मौजूद थे।

सोमवार को बलूनी का नामांकन भी उत्साहपूर्वक किया गया था। मुख्यमंत्री, सभी मंत्रियों और विधायकों की मौजूदगी में नामांकन पत्र के चार सेट रिटर्निंग अफसर मदन सिंह कुंजवाल के समक्ष प्रस्तुत किए गए थे। उनके प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ ही सभी सात कैबिनेट मंत्री, दो राज्यमंत्री और 10 विधायक शामिल थे।

अनिल बलूनी के निर्वाचित होने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने उनको बधाई दी और कहा कि वह उत्तराखंड का पक्ष राज्यसभा में जोर-शोर से रखेंगे।

TAGS: Union minister, JP Nadda, Rajya Sabha, Himachal Pradesh
OUTLOOK 15 March, 2018
Advertisement