Advertisement
09 December 2018

सभा के दौरान केंद्रीय मंत्री अठावले को युवक ने जड़ा थप्पड़, विरोध में आरपीआई का महाराष्ट्र बंद

केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के प्रमुख रामदास आठवले को शनिवार रात एक युवक ने थप्पड़ जड़ दिया। यह घटना पुलिस की मौजूदगी में ठाणे के अंबरनाथ में हुई है। हमले के बाद वहां मौजूद पार्टी कायकर्ताओं ने युवक की पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद आरपीआई कार्यकर्ताओं ने रविवार को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले अंबरनाथ वेस्ट स्थित नेताजी चौक पर पार्टी की एक रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। भाषण देने के बाद आठवले स्टेज से उतर रहे थे, इसी दौरान युवक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। घटना होते ही पार्टी के कार्यकर्ता आरोपी युवक पर टूट पड़े।

थप्पड़ मारने वाले शख्स का नाम प्रवीण गोसावी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक प्रवीण गोसावी को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि, अभी तक इस बात का पता नहीं चल पाया है कि उसने केंद्रीय मंत्री पर हमला क्यों किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक को को अम्बरनाथ में शुरुआती इलाज के बाद मुंबई में राज्य संचालित जे जे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

Advertisement

कहीं यह बयान तो नहीं है घटना की वजह?

मराठा आरक्षण पर रामदास अठावले ने कहा था कि मराठा समाज को दिया गया आरक्षण कोर्ट में नहीं टिक सकेगा। वह चाहते है कि मराठा समाज को आरक्षण दिया जाए, लेकिन राज्य सरकार ने जिस तरह से आरक्षण दिया है, वह कानूनी नहीं है। अठावले पर हुआ हमला उनके इस बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।

महाराष्ट्र बंद का आह्वान

घटना के बाद अठावले की पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। शनिवार रात को ही बड़ी संख्या में लोग आठवले के निवास पर जमा हो गए। पार्टी ने इसे पूर्व नियोजित हमला करार देते हुए इसके मास्टरमाइंड को पकड़ने की मांग की। साथ ही पार्टी ने रविवार यानी आज महाराष्ट्र बंद बुलाया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Union minister Ramdas Athawale, slapped, public event in Maharashtra
OUTLOOK 09 December, 2018
Advertisement