Advertisement
20 April 2017

यूपी एटीएस ने पकड़े चार आतंकी, पांच हिरासत में

यूपी एटीएस ने पकड़े चार आतंकी, पांच हिरासत में | google

प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) दलजीत सिंह चौधरी ने लखनऊ में बताया कि पांच राज्यों की पुलिस के साथ चलाये गए संयुक्त अभियान में मुंबई,  जालंधर,  नरकटियागंज (बिहार), बिजनौर तथा मुजफ्फरनगर में छापेमार कार्रवाई में चार लोगों को दहशतगर्दाना साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया,  वहीं पांच अन्य को भी संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

चौधरी ने बताया कुल नौ लोग हिरासत में लिए गए हैं। चार लोगों के खिलाफ हमें सबूत मिला है, बाकी पांच से पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश एटीएस, दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ, आंध्र प्रदेश के खुफिया प्रकोष्ठ,  महाराष्ट्र एटीएस, पंजाब पुलिस तथा बिहार पुलिस के संयुक्त अभियान में पकड़े गए युवक 18 से 25 साल आयु के हैं। अभी तक जो भी जानकारियां मिली हैं, उनके मुताबिक वे सभी कोई ऐसी वारदात करने की साजिश रच रहे थे, जिससे क्षेत्र में आतंक फैले और उनके गिरोह को पहचान मिले।

चौधरी ने गिरफ्तार युवकों को पथ भ्रमित करार देते हुए कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य यह रहेगा कि इनकी काउंसिलिंग करके उन्हें मुख्यधारा में दाखिल किया जाए। वे षड्यंत्र कर रहे थे,, लेकिन सफल नहीं हुए, क्योंकि हमने उन्हें पहले ही हिरासत में ले लिया। हमने सर्विलांस के जरिए उन पर नजर रखी और उन्हें पकड़ लिया।

Advertisement

इन गिरफ्तारियों का लखनऊ में पिछले महीने सैफुल्ला नामक आतंकवादी के मुठभेड़ में मारे जाने की घटना से संबंध होने के सवाल पर अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि लखनऊ वाली घटना से इसका कोई ताल्लुक नहीं है। आज पकड़े गए युवकों के आईएस से संबंधों के बारे में उन्होंने कहा कि अभी जांच में और चीजें सामने आएंगी। (एजेंसी)

TAGS: उत्तर प्रदेश, आतंकवादी, एटीएस, संयुक्त, अभियान, चार, गिरफ्तार, हिरासत
OUTLOOK 20 April, 2017
Advertisement