Advertisement
17 October 2022

यूपीः अयोध्या में पहली बार जलेंगे गाय के गोबर से बने सवा लाख दीप, जाने क्या है खासियत

लखनऊ। दीपोत्सव नित नई ऊंचाइयां छुए, इसका दिव्य-भव्य और अलौकिक स्वरूप बढ़े यह प्रयास करते दीपोत्सव पर अयोध्या में इस बार गायों के गोबर के 1.25 लाख दीप (गोदीप) भी जगमगाएंगे। इसकी अलौकिक छँटा भी दिखाई देगी। इसे लेकर प्रदेश सरकार के पशुधन व दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार मुख्यमंत्री योगी को प्रतीकात्मक गोदीप भेंट किया।

मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि गाय विश्व की माता है। गाय के शरीर में 33 कोटि देवताओं का वास होता है। वहीं गाय के गोबर में लक्ष्मी का वास है, गौमूत्र में गंगा मैया बसती हैं। गृह दोष अथवा अमंगल की स्थिति में गोमूत्र के छिड़काव से वास्तु दोष दूर व सुख-शांति, समृद्धि आती है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार गोदीप जलाकर प्रदेश की खुशहाली की कामना भी करेगी।

दीपावली पर गोबर के जलाएं 9 दीप:

Advertisement

योगी सरकार ने आमजन से भी अपील की कि गोबर से बने दीप जलाएं। लोगों से कहा गया कि दीपावली पर गाय के गोबर से निर्मित 9 दीप घरों पर अवश्य जलाएं। यह प्रदूषण मुक्त और इको फ्रेंडली हैं। इससे परिवार में गृह 'शांति' व समृद्धि होगी।

मंदिरों में भी जलाए जाएंगे 4.50 लाख दीप:

वहीं, दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए 21 प्रमुख मंदिरों में भी लगभग 4.50 लाख दीप जलाए जाएंगे। यह योजना पहले से बनी है। राम जन्मभूमि पर 51 हजार, हनुमान गढ़ी पर 21 हजार दीये जलाए जाएंगे। कनक भवन, गुप्तार घाट, दशरथ समाधि, रामजानकी मंदिर साहबगंज, देवकाली मंदिर, भरतकुंड (नंदीग्राम) समेत कई मंदिरों में दीप जलाए जाएंगे।

गाय को लेकर योजनाएं क्रियान्वित:

विशेष सचिव पशुपालन देवेन्द्र पांडेय ने बताया कि पुराणों में गाय का स्थान पूज्य इसी लिए था कि जन्म से लेकर मृत्यु के पश्चात गऊ-समाधि से मिलने वाली खाद खेतों और प्रकृति के लिए बहुत लाभप्रद थी। गाय से सम्बन्धित जनहित में विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 17 October, 2022
Advertisement