Advertisement
01 July 2018

उत्तराखंड हादसा: बस में थे क्षमता से ज्यादा यात्री, 48 लोेगों की मौत

TWITTER

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में आज एक बस के गहरे खाई में गिर जाने से उसमें सवार 48 यात्रियों की मौत हो गयी तथा 10 अन्य घायल हो गये। इस दर्दनाक घटना के बाद पीएमओ की तरफ से ट्वीट आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक प्रकट किया है। मोदी ने मृतकों के परिवार के प्रति सांत्वना व्यक्त की है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है। पीएम मोदी ने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, दुर्घटना स्थल पर सभी संभावित सहायता दी जा रही है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, 30 सीटों की क्षमता वाली बस में करीब 60 लोग सवार थे। ऐसे में इन मौतों की जिम्मेदारी किसकी बनती है, यह बड़ा सवाल है। हालांकि पुलिस अभी सही कारणों का पता लगा रही है।

पौड़ी के पुलिस अधीक्षक जगतराम जोशी ने बताया कि हादसा सुबह उस समय हुआ जब भवन से रामनगर जा रही निजी बस कबीन गांव के पास अचानक नियंत्रण खो बैठी और 200 मीटर गहरी खाई में गिर गयी।

Advertisement

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में 45 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में 11 अन्य यात्री घायल हो गये हैं जिनमें से दो की हालत नाजुक बतायी जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दोनों यात्रियों को रामनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि अन्य घायल धूमाकोट के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि बस हादसे का शिकार सभी लोग स्थानीय थे। 

जोशी ने बताया कि हादसे के समय बस में कुल 58 यात्री सवार थे। हालांकि, क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने के कारण हादसा होने की बात पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हादसे के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी ने बताया कि पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर हैं तथा उनकी मदद से बचाव और राहत कार्य चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि बचाव और राहत कार्य जल्द से जल्द पूरा हो और पीड़ितों को समय रहते यथासंभव मदद उपलब्ध करायी जा सके। प्रदेश के राज्यपाल डॉ केके पाल और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बस हादसे पर गहरा दुख जताया है और जिला प्रशासन को पीड़ितों की समुचित देखभाल करने के निर्देश दिये हैं।

यहां जारी अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री रावत ने दुर्घटना में मारे गये यात्रियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि अविलंब उपलब्ध कराने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को ये भी निर्देश दिये हैं कि आवश्यक होने पर घायलों को बेहतर उपचार हेतु देहरादून लाने के लिए हैलीकॉप्टर का प्रयोग भी किया जाए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Uttarakhand, paudi bus accident, 48, pm modi
OUTLOOK 01 July, 2018
Advertisement