Advertisement
12 March 2021

उत्तराखंड: तीरथ सिंह रावत कैबिनेट का हुआ विस्तार, सतपाल महाराज, बंशीधर भगत समेत 11 मंत्रियों ने ली शपथ

ANI

उत्‍तराखंड के नए मुख्‍यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अपने मंत्रिमंडल का विस्‍तार कर दिया है। शुक्रवार शाम पांच बजे राजभवन में आयोजित एक समारोह में 11 मंत्रियों ने पद की शपथ ली। सबसे पहले सतपाल महाराज ने शपथ ली। कुल 8 कैबिनेट और 3 राज्यमंत्री ने शपथ ली है। आज ही बीजेपी ने नया प्रदेश अध्यक्ष चुना है। बीजेपी ने बंशीधर भगत को हटाकर मदन कौशिक को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।

जिन मंत्रियों ने शपथ ली उनमें सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष बंशीधर भगत, बिशन सिंह चुफाल, यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय, सुबोध उनियाल, धन सिंह रावत, रेखा आर्य, गणेश जोशी और यतीश्वरानंद का नाम शामिल है। मंत्रिमंडल विस्‍तार में मुख्‍यमंत्री रावत ने पूरी तरह से क्षेत्रीय संतुलन को साधने का प्रयास किया है। 6 मंत्री गढ़वाल मंडल से जबकि पांच मंत्री कुमाऊं मंडल से बने हैं।

राज्‍यपाल बेबी रानी मौर्या ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई। अरविंद पांडेय ने संस्‍कृत में शपथ ली है। चार नए और सात पुराने मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। रेखा आर्य शपथ लेने के लिए पारंपरिक परिधान में आई थीं। उत्‍तराखंड में वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में इन सभी मंत्रियों के पास सिर्फ एक साल का कार्यकाल बचा है।

Advertisement

बुधवार को तीरथ सिंह रावत को उत्‍तराखंड का 10वां मुख्‍यमंत्री बनाया गया था। त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस्‍तीफे के बाद विधानमंडल ने तीरथ सिंह रावत के नाम पर मुहर लगाई थी। प्रावधानों के अनुसार, उत्तराखंड मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में चुनाव हैं। पिछले चुनाव में बीजेपी 70 में से 57 सीटों पर जीती थी।

OUTLOOK 12 March, 2021
Advertisement