Advertisement
08 May 2018

उत्तर प्रदेश: मानवता हुई शर्मसार, नहीं मिली एंबुलेंस, कंधे पर लादकर ले गया पत्नी की लाश

ANI

उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। राज्य के बदायूं में अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण अस्पताल में दो-दो शव वाहन होने के बावजूद एक व्यक्ति को अपनी पत्नी का शव कंधे पर लादकर ले जाना पड़ा।

प्रार्थना पत्र लिखकर देने पर भी नहीं मिला शव वाहन

जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम मझारा निवासी सादिक की पत्नी मनीषा जिला अस्पताल में भर्ती थी। सोमवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस पर सादिक ने जिला अस्पताल के सीएमएस से शव वाहन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्हें यह भी बताया गया कि उसका गांव 25 किलोमीटर दूर है। बताया जा रहा है कि सीएमएस डॉ. आरएस यादव को प्रार्थनापत्र भी लिखकर दिया। इसके बावजूद जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से शव वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया। आखिर में सादिक पत्नी का शव अपने कंधे पर लादकर ले गया। 

Advertisement

डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी जांच

इस पूरे मामले में शर्मनाक यह भी है कि अस्पताल प्रशासन ने शव कुछ दूर ले जाने के लिए स्ट्रेचर तक नहीं उपलब्ध कराया। यह मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट को जांच सौंपी है। देर शाम सिटी मजिस्ट्रेट ने अस्पताल पहुंचकर मामले की छानबीन भी शुरू कर दी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दिए जांच के आदेश

इस पूरे मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया कि मीडिया के माध्यम से उन्हें इस खबर के बारे में पता चला, जो काफी निंदनीय है। उन्होंने बताया कि  हमारे पास दो शव वाहन हैं, जो भी इसकी मांग करता है उसे ‌दिया जाता है। लेकिन इस पूरे मामले को मैं देखूंगा और जो इसमें दोषी पाया गया उसे दंड दूंगा।

शव वाहन आने से पहले ले जा चुका था पत्नी का शव: सिटी मजिस्ट्रेट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार सिंह ने बताया कि महिला दोपहर करीब 12:45 पर जिला अस्पताल में भर्ती हुई थी। अपराह्न करीब 03:20 पर उसकी मौत हो गई। सीसीटीवी कैमरे के मुताबिक, 03:55 पर शव वाहन आया था। इससे पहले सादिक पत्नी का शव ले जा चुका था। कुछ दूर जाकर उन्होंने प्राइवेट वाहन कर लिया, जिसमें शव रखकर अपने घर ले गए।

वीडियो- 


 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Video, Denied, mortuary van, man carries, wife's body, on shoulder
OUTLOOK 08 May, 2018
Advertisement