Advertisement
30 July 2020

पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सोमेन मित्रा का निधन

पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सोमेन मित्रा का आज निधन हो गया। वह 78 साल के थे। बीते कई दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी और इलाज के लिए वह कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मित्रा के निधन पर दुख जताया है। 

पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने ट्वीट कर दी जानकारी

सोमेन मित्रा के निधन की खबर पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल के लिए जरिए साझा की है। कांग्रेस पार्टी ने लिखा- 'WBPCC के अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने कुछ समय पहले अंतिम सांस ली है। यह हमारे लिए बड़ी क्षति है, हमारी संवेदनाएं दादा के परिवार के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।'

Advertisement

राहुल गांधी ने भी जताया दुख

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सोमेन मित्रा के परिवार और दोस्तों को मेरा सारा प्यार और समर्थन। हम उन्हें प्यार, शान और सम्मान के साथ याद करेंगे।

रविवार को तबीयत में थोड़ा सुधार हुआ था

सोमेन मित्रा का इलाज कोलकाता के एक निजी अस्पताल में चल रहा था और रविवार को जानकारी मिली थी कि उनकी तबीयत में कुछ सुधार हुआ है। डॉक्टर ने बताया था, 'उनकी तबीयत में सुधार है लेकिन किडनी संबंधी रोग के चलते उनके क्रिएटिनिन का स्तर अब भी बढ़ा हुआ है। उनके हृदय की हालत भी कमजोर है, लेकिन खतरे से बाहर है।' फिलहाल वह अब इस दुनिया में नहीं रहे।

बता दें कि कांग्रेस के दिग्गज नेता और लोकसभा के पूर्व सांसद सोमेन मित्रा का जन्म 31 दिसंबर 1941 को हुआ था। उनका एक बेटा है। 78 वर्षीय बुजुर्ग कांग्रेसी नेता मित्रा 1972-2006 तक बंगाल के चौरंगी जिले के सियालदह से विधायक रहे।

 

 

TAGS: पश्चिम बंगाल, कांग्रेस, प्रदेश अध्यक्ष, सोमेन मित्रा, निधन, 78 वर्ष, West Bengal, Congress President, Somen Mitra, Dies At 78
OUTLOOK 30 July, 2020
Advertisement