Advertisement
04 April 2020

भारत में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 2900 पार, 68 लोगों की गई जान, दिल्ली में 400 कोविड-19 मरीज

Twitter

पूरी दुनिया में कहर मचाने वाले खतरनाक कोरोना वायरस का प्रकोप भारत में लगातार बढ़ता जा रहा है। दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तबलीगी जमात मामले से देश में कोरोना वायरस के मामलों में बड़ा इजाफा देखने को मिला है और शनिवार को यह आंकड़ा 2900 पार कर गया। वहीं, इस खतरनाक कोविड-19 महामारी से अब तक देशभर में जहां 68 लोग जान गंवा चुके हैं और 183 लोग पूरी तरह से ठीक हो गए हैं या फिर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह 9 बजे तक के अपडेटेड आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस के कुल 2901 मामलों में से 2650 केस एक्टिव हैं। महाराष्ट्र जहां 484 मामलों के साथ इस तालिका में टॉप पर है, वहीं दिल्ली में मरकज मामले के बाद संक्रमितों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है और यह आंकड़ा 400 पहुंच गया है। वहीं केरल में पॉजिटिव केसों की संख्या 338 हो गई है।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र 484 मामलों के साथ कोरोना वायरस के मरीजों की तालिका में टॉप पर है। फिलहाल 423 एक्टिव केस हैं और 42 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से अब तक 19लोगों की मौत हो चुकी है।

Advertisement

केरल

केरल में कोरोना वायरस के पॉजिटिव केसों की संख्या 338 है। इनमें से एक्टिव केसों की संख्या 295 है और दो की मौत हो चुकी है और 41 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं।

दिल्ली

मरकज मामले के बाद दिल्ली में बड़ा इजाफा देखने को मिला है। दिल्ली में कोरोना वायरस के अब तक 400 मामले सामने आए हैं। यहां दिल्ली में कोविड-19 महामारी से जहां 6 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 8 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं।

आगरा में 25 नए मामलों की पुष्टि

आगरा में 25 नए कोरोना पॉजिटिव मामलों की पुष्टि हुई है। डीएम प्रभु एन सिंह के मुताबिक, यहां मरीजों की संख्या 45 हो गई है।

राजस्थान में महिला की मौत

राजस्थान के बीकेनार में आज सुबह एक 65 साल की बुजुर्ग महिला की कोरोना से मौत हो गई। राज्य में कुल कोरोना पॉजिटिव मामले 191 हो गए हैं। इसमें 40 तबलीगी जमात के हैं।

दिल्ली में स्थिति अभी नियंत्रण में- केजरीवाल

इससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में स्थिति अभी भी नियंत्रण में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने 57,000 लोगों के रहने के लिए 328 राहत केंद्र तैयार किए हैं। कोई भी इन राहत केंद्रों में आ सकता है और यहां रह सकता है। हम उनका ध्यान रखेंगे।

केजरीवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से 'आप' विधायकों के साथ की बैठक

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में चलाए जा रहे राहत कार्यों पर चर्चा के लिए पार्टी के सभी विधायकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये शुक्रवार को एक बैठक की। केजरीवाल के साथ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने भी पार्टी के विधायकों को संबोधित किया।

इस दौरान केजरीवाल ने सभी विधायकों से अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे सभी राहत कार्यों की प्रगति के बारे में पूछा। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि राहत कार्य कितने प्रभावी ढंग से किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सभी विधायकों को और सुधार के तरीके भी बताए गए। विधायकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए अपनी शंकाओं को दूर किया। मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार की (राहत कार्य से संबंधित) सभी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्हें यह भी बताया गया कि सभी को क्या करना है और यह कैसे किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि 70 सदस्यीय विधानसभा में आप के 62 विधायक हैं।

17 हजार करोड़ का फंड जारी

वित्त मंत्री निर्मला सीतारण ने शुक्रवार को 17,287.08 करोड़ का फंड अलग-अलग राज्यों को दिया। उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश, असम, हिमाचल प्रदेश, केरल, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, पंजाब, सिक्किम, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल को ग्रांट के तहत 6,195.08 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अलावा गृह मंत्रालय की ओर से भी राज्यों को रकम दी गई है। गृह मंत्री अमित शाह ने 11,092 करोड़ के फंड को आज मंजूरी दे दी है। इन पैसों का इस्तेमाल क्वारेंटाइन सेंटर और अन्य कार्यों के लिए किया जाएगा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: 93 new cases, corona infected, Delhi, 386, 259 only, Tabligi Jamaat.
OUTLOOK 04 April, 2020
Advertisement