Advertisement
13 October 2016

केरल : कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में भाजपा की हड़ताल शुरू

केरल : कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में भाजपा की हड़ताल शुरू | google

रेमिथ के शव को कोझिकोड मेडिकल काॅलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार सुबह कन्नूर लाया गया और साढ़े दस बजे थालासेरी के नए बस अड्डे पर रखा जाएगा ताकि लोग अंतिम संस्कार से पहले श्रद्धांजलि दे सकें। बीते तीन दिनों में कन्नूर जिले में यह दूसरी हड़ताल है। माकपा ने अपने कार्यकर्ता की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए हड़ताल की थी।

नाॅर्दर्न रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीनेंद्र कश्यप ने पीटीआई भाषा को बताया कि 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी कन्नूर में लगाए गए हैं। जो पुलिसकर्मी छुट्टी पर गए हुए थे, उन्हें भी ड्यूटी पर पहुंचने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि माहौल तनावपूर्ण है और जिस स्थान पर शव को श्रद्धांजलि के लिए रखा जाना है, वहां ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

इसी बीच, पुलिस ने रेमिथ पर हमले के सिलसिले में 10 माकपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। मामले की जांच के लिए पुलिस उपनिरीक्षक :प्रशासन: टी पी रंजीत के नेतृत्व में एक विशेष दस्ते का गठन किया गया है। पुलिस ने राज्य के विभिन्न हिस्सों से ट्रेन लेकर राजधानी स्थित रीजनल कैंसर सेंटर हाॅस्पिटल में इलाज करवाने के लिए आने वाले मरीजों को ले जाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

Advertisement

भाजपा के कार्यकर्ता सुबह 11 बजे सचिवालय तक मार्च निकालेंगे। केरल, कन्नूर, कालीकट और कोचीन विश्वविद्यालयों द्वारा होने वाली परीक्षाओं को हड़ताल के चलते स्थगित कर दिया गया है।

भाजपा कार्यकर्ता की हत्या पर प्रतिक्रिया जताते हुए पार्टी के राष्टीय अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट किया था, मुख्यमंत्री पिनारेई विजयन के गृह निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले गंभीर चिंता का विषय हैं और इसमें राजनीतिक साजिश की बू आती है। शाह ने ट्वीट किया था, रेमिथ के पिता, चावासेरी उत्तमन की भी वर्ष 2002 में एेसे ही हत्या की गई थी। हाल ही में जब रेमिथ के घर पर हमला किया गया, तो उसकी मां को गंभीर चोटें आईं।

माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा था कि केरल में हिंसा की शुरूआत आरएसएस-भाजपा के गठजोड़ ने ही की है और अब वह इसके लिए राज्य की सत्ताधारी पार्टी को दोषी ठहराना तथ्यों को तोड़ना-मरोड़ना है।

विजयन ने राज्य में बढ़ती हिंसा के लिए आरएसएस पर निशाना साधा था और आरोप लगाया था कि एेसा केंद्र में भाजपा की सरकार की मदद से किया गया। अलपुझा में एक समारोह के दौरान विजयन ने दो दिन पहले कन्नूर में मार्क्‍सवादी कार्यकर्ता पर किए गए हमले के लिए आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधा था और आरएसएस पर राज्य में हिंसा फैलाने का आरोप लगाया था। भाषा एजेंसी 

TAGS: केरल, कन्‍नूर, भाजपा कार्यकर्ता, हत्‍या, माकपा, विरोध, हड़ताल, strike, bjp, kerala, cpi m, vijayan, amit shah
OUTLOOK 13 October, 2016
Advertisement