Advertisement
08 September 2022

अमृतकाल में समान नागरिक संहिता लिखेगी एक इबारत, अन्य राज्यों के लिए भी होगी अनुकरणीय: पुष्कर धामी

अमृतकाल में समान नागरिक संहिता लिखेगी एक इबारत, अन्य राज्यों के लिए भी होगी अनुकरणीय: पुष्कर धामी

उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता में सुझावों के लिए गठित  विशेषज्ञ समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। सीएम ने कहा कि वायदा किया था कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता को लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने समिति के अब तक के कार्यो की प्रशंसा करते हुए कहा कि विशेषज्ञ समिति ने तेजी से काम किया है। प्रदेश की जनता के लिये हितकारी समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करेगी। यह दूसरे प्रदेशो के लिये भी अनुकरणीय होगा।

विशेषज्ञ समिति की अध्यक्षा जस्टिस (से.नि.) रंजना प्रकाश देसाई ने बताया कि समान नागरिक संहिता के संबंध मे सुझाव देने के लिए  पोर्टल/वेबसाइट https://ucc.uk.gov.in का शुभारंभ किया गया है। जनप्रतिनिधि, नागरिक, प्रबुद्धजन, संगठन, संस्थाएं अपने सुझाव अगले 30 दिन अर्थात 7 अक्तूबर तक भेज सकते हैं। समिति हर सुझाव पर  पूरी गम्भीरता से विचार करेगी।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम समान नागरिक संहिता के रूप में आज़ादी के अमृत काल में एक बड़ी इबारत लिखने जा रहे हैं। सीएम ने जनता से अपने सुझाव देने का आग्रह करते हुए कहा है कि राज्य सरकार अपने हर वादे को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध है। देश में आज तक किसी भी कानून को बनाते समय इतने बड़े स्तर पर जनता से सुझाव नहीं मांगे गए। प्रदेश के सभी नागरिकों और हितधारकों को एसएमएस और व्हाट्सएप पर पोर्टल के लिंक के साथ अपील भेजी जा रही है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री की पहल पर उत्तराखण्ड के निवासियों के व्यक्तिगत नागरिक मामलों को नियंत्रित करने वाले प्रासंगिक कानूनों - विवाह, तलाक, संपत्ति का अधिकार, उत्तराधिकार, विरासत, गोद लेने और रखरखाव व संरक्षता विषयक सहित पर मसौदा कानून तैयार करने या मौजूदा कानून में संशोधन करने तथा समान नागरिक संहिता के क्रियान्वयन के सम्बंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया था।

इस दौरान समिति के सदस्य जस्टिस (से.नि.) प्रमोद कोहली,  मनु गौड़, शत्रुघ्न सिंह (से.नि. आईएएस),  प्रो सुरेखा डंगवाल, सदस्य सचिव एवं अपर स्थानीय आयुक्त अजय मिश्रा, मुख्य सचिव डा. एस एस संधु, अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूङी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

TAGS: Uttarakhand, Pushkar Singh Dhami, BJP, Uniform Civil Code
OUTLOOK 08 September, 2022
Advertisement