Advertisement
13 March 2024

संयुक्त किसान मोर्चा रामलीला मैदान में करेंगे महापंचायत, शर्तों के साथ मिली अनुमति

दिल्ली पुलिस ने किसानों को शर्तों के साथ 14 मार्च को रामलीला मैदान में किसान मजदूर महापंचायत आयोजित करने की अनुमति दे दी है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। किसानों से कहा गया है कि महापंचायत में पांच हजार से अधिक लोग नहीं जुटने चाहिए, साथ ही ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर भी पाबंदी रहेगी। राष्ट्रीय राजधानी में भारी यातायात जाम न लगे, इसके लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं।

पुलिस ने यात्रियों के लिए परामर्श जारी कर मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले रास्तों पर यात्रा से बचने का अनुरोध किया है। तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर 2020-21 में हुए किसान आंदोलन का नेतृत्व करने वाले संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने कहा है कि वह रामलीला मैदान में ‘किसान मजदूर महापंचायत’ आयोजित करेगा, जिसमें सरकार की नीतियों के खिलाफ ‘लड़ाई तेज करने’ का प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

एसकेएम ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि दिल्ली पुलिस ने उसे 14 मार्च को रामलीला मैदान में महापंचायत आयोजित करने तथा दिल्ली नगर निगम प्रशासन के सहयोग से पार्किंग स्थल और पानी, शौचालय व एम्बुलेंस जैसी अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र दे दिया है। पुलिस उपायुक्त (मध्य) एम. हर्ष वर्धन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पांच हजार से अधिक लोगों के न जुटने की शर्त पर महापंचायत की अनुमति दी गई है।. उन्होंने कहा कि किसानों ने उन्हें शपथ पत्र दिया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि वे ट्रैक्टर और कोई हथियार नहीं लाएंगे और दिल्ली में कोई मार्च नहीं करेंगे।

Advertisement

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि किसानों को दोपहर 2:30 बजे के बाद अपना कार्यक्रम समाप्त होते ही मैदान खाली करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि अगर वे वादे का पालन नहीं करते हैं और दिल्ली में कानून-व्यवस्था तोड़ते हैं, तो सख्त कार्रवाई की जा सकती है। डीसीपी ने कहा, “हमें उम्मीद है कि एसकेएम के नेता हमें दिए गए वादे का पालन करेंगे।” पुलिस ने कहा कि बृहस्पतिवार को रामलीला मैदान में किसानों के एकत्र होने के कारण दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में यातायात प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली यातायात पुलिस के बयान के मुताबिक महापंचायत के चलते जवाहरलाल नेहरू मार्ग, बाराखंभा रोड, बहादुरशाह जफर मार्ग, टॉल्स्टॉय मार्ग, आसफ अली रोड, जय सिंह रोड, स्वामी विवेकानंद मार्ग, संसद मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, बाबा खड़ग सिंह मार्ग, मिंटो रोड, अशोक रोड, महाराजा रणजीत सिंह फ्लाईओवर, कनॉट सर्कस, भवभूति मार्ग, डीडीयू मार्ग और चमन लाल मार्ग पर यातायात प्रभावत हो सकता है।

परामर्श में कहा गया है कि बृहस्पतिवार सुबह छह बजे से दिल्ली गेट, मीर दर्द चौक, अजमेरी गेट चौक, गुरु नानक चौक, कमला मार्केट, पहाड़गंज चौक, झंडेवालान गोल चक्कर, महाराजा रणजीत सिंह फ्लाईओवर पर बाराखंभा रोड से गुरु नानक चौक, बाराखंभा रोड, जनपथ रोड, केजी मार्ग चौराहा और जीपीओ गोल चक्कर पर यातायात मार्ग में परिवर्तन किया जा सकता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: United Kisan Morcha will hold Mahapanchayat in Ramlila Maidan, United Kisan Morcha Mahapanchayat, Ramlila Maidan Mahapanchayat, Farmers protest, Narendra modi
OUTLOOK 13 March, 2024
Advertisement