Advertisement
17 February 2022

यूपी: मातम में बदलीं शादी की खुशियां, कुएं में डूबने से 13 महिलाओं की मौत

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बुधवार देर रात एक 'हल्दी' समारोह के दौरान एक कुएं में डूबने से कम से कम 13 महिलाओं की मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त किया है।

हादसा उस वक्त हुआ जब महिलाएं और लड़कियां कुएं के चारों ओर रेलिंग के पास खड़ी थीं और इसी दौरान लोहे की जाली नीचे गिर गई। घटना नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र की है।

वरिष्ठ अधिकारी मामले की निगरानी कर रहे हैं। देर रात तक बचाव अभियान जारी था। लगभग 15 महिलाओं को ग्रामीणों और पुलिस ने बचाया, जबकि 13 अन्य को समय पर नहीं बचाया जा सका।

Advertisement

गोरखपुर ज़ोन के एडीजी अखिल कुमार ने बताया कि इस घटना में 13 लोगों की मृत्यु हुई है और मृतक में सभी महिलाएं हैं। अन्य सहायक कार्रवाई की जा रही है। एसटीआरएफ की टीम बुलाई गई है जो फिर से सर्च करेंगे।

कुशीनगर के डीएम एस. राजलिंगम ने बताया कि नौरंगिया टोला गांव में एक पुराना कुआं था जो स्लैप से ढका था। पूजा-पाठ के दौरान बच्चे और महिलाएं उसके ऊपर बैठे हुए थे, इस दौरान स्लैप नीचे चला गया और मलबा उनके ऊपर गिर गया।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को बचाव और राहत अभियान तेज करने और घायलों को इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा, "जनपद कुशीनगर के ग्राम नौरंगिया स्कूल टोला की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई ग्रामवासियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: यूपी, कुशीनगर, 13 महिलाओं की मौत, उत्तरप्रदेश, दुर्घटना, 13 women die, Kushinagar UP
OUTLOOK 17 February, 2022
Advertisement