Advertisement
25 August 2021

कल्याण सिंह को लेकर AMU के वाइस चांसलर ने शेयर की पोस्ट, छात्रों में फूटा गुस्सा, लगाए पोस्टर

कल्याण सिंह को लेकर AMU के वाइस चांसलर ने शेयर की पोस्ट, छात्रों में फूटा गुस्सा, लगाए पोस्टर | FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हाल ही में निधन हो गया है। उत्तर प्रदेश की अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर ने पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया, लेकिन अब इस पर विवाद शुरू हो गया है। शोक जाहिर करने पर यूनिवर्सिटी के कुछ छात्रों ने ही अपने वाइस चांसलर का विरोध किया है।

दरअसल, 22 अगस्त को अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कुलपति तारिक मंसूर ने शोक व्यक्त किया। इस शोक पत्र के बाद यूनिवर्सिटी के कैंपस में एक पोस्टर लगाया गया, जिसमें इस शोक संवेदना की निंदा की गई है।

वाइस चांसलर ने अपने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उनकी मौत का पूरे देश को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। उनके इस पोस्ट के बाद वहां के छात्रों में रोष भरा हुआ है। कई लोगों ने उनके फेसबुक पर यह टिप्पणी भी की कि यह देश का नहीं आपका नुकसान हो सकता है।

Advertisement

फेसबुक पोस्ट शेयर होने के बाद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की कई दीवारों पर पर्चे भी लगाए गए, जिसमें लिखा था कि बाबरी मस्जिद विध्वंस के लिए सबसे ज्यादा जिम्मेदार कल्याण सिंह हैं।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह का 21 अगस्त को 89 साल की उम्र में निधन हुआ। कल्याण सिंह की गिनती भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में होती रही है, जिन्होंने रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान अहम भूमिका निभाई थी। 

कल्याण सिंह के निधन के बाद एक विवाद और भी हुआ था। जब भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया था कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की ओर से कल्याण सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि नहीं दी गई है। इसी को लेकर बीजेपी ने अखिलेश को ओबीसी विरोधी बताया था। 

TAGS: AMU Vice Chancellor, Kalyan Singh, AMU students, Angry, Posters
OUTLOOK 25 August, 2021
Advertisement