Advertisement
06 September 2022

सीएम योगी ने सुरेश रैना के योगदान को सराहा, पूर्व क्रिकेटर को नई पारी के लिए मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सुरेश रैना ने मंगलवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से उत्तर प्रदेश रणजी टीम के पूर्व कप्तान के देश और प्रदेश के लिए किए गए योगदान को सराहा और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा, प्रिय सुरेश रैना, भले ही आज आपने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की है, लेकिन मुझे लगता है कि अभी भी आप में बहुत ‘क्रिकेट’ बाकी है। अपने अद्भुत खेल कौशल से आपने भारतीय क्रिकेट को नव क्षितिज पर पहुंचाया है। उत्तर प्रदेश को आप पर गर्व है।

ट्वीट की श्रृंखला में योगी आदित्यनाथ ने अतीत में रैना के प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने लिखा, विपरीत परिस्थितियों में कई बार आपकी साहसिक पारियों द्वारा सुनिश्चित हुई भारत की विजय सदैव अविस्मरणीय रहेगी। विलक्षण खेल प्रतिभा और असाधारण टीम भावना से ओतप्रोत आपका प्रदर्शन देश एवं प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणा है। जीवन की नई पारी हेतु मेरी अनंत शुभकामनाएं।

Advertisement

बता दें कि भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने मंगलवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की। 35 वर्षीय रैना ने महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास लेने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर को अलविदा कह दिया था। हालांकि, संन्यास के बाद अब वह विदेशी टी20 लीग में खेलने के योग्य हो गये।

 

TAGS: CM Yogi Adityanath, Suresh Raina, retires, contribution, former cricketer, new innings
OUTLOOK 06 September, 2022
Advertisement