Advertisement
21 January 2022

यूपी चुनाव: राहुल-प्रियंका गांधी ने जारी किया यूपी यूथ मेनिफेस्टो, युवाओं के लिए किए ये बड़े ऐलान

ट्विटर

उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 के लिए कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने नई दिल्‍ली स्थिति पार्टी मुख्‍यालय में ये घोषणा पत्र जारी कर दिया। 'भर्ती विधान' नाम से जारी इस घोषणा पत्र में 20 लाख नौकरियों सहित युवाओं के लिए वादों की झड़ी लगाई गई है।

बता दें कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ और टिकट बंटवारे में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण देने के बाद कांग्रेस ने सरकारी नौकरियों से लेकर टीचरों की नौकरी तक का बड़ा वादा किया है।

इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि रोज़गार हम आपको कैसे और किस प्रकार से दिलाएंगे, यह सब हमने इस मेनिफेस्टो में लिखा है। इस मेनिफेस्टो को बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश के युवाओं के साथ बात की है और जो उनके विचार है वह हमने इस मेनिफेस्टो में डाले हैं।

Advertisement

साथ ही, इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर भी जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर 24 घंटे में लगभग 880 युवा रोज़गार खोते हैं। भाजपा के पिछले 5 सालों के शासन में लगभग 16 लाख युवाओं ने रोज़गार खोया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम आपको हर साल 2 करोड़ रोज़गार देंगे। सच्चाई सबको दिख रही है। ऐसा क्यों हो रहा है। क्योंकि देश का पूरा धन 2-3 बड़े उद्योगपतियों के हाथों में दिया जा रहा है।

 

वहीं, प्रियंका गांधी ने चुनाव के बाद दूसरी पार्टियों से गठबंधन करने का भी संकेत दिया। उन्होंने कहा, ‘अगर हम भविष्य में किसी पार्टी के साथ जुड़ें भी तो हमारा एजेंडा स्पष्ट है और इसे लेकर आगे बढ़ा जाएगा।’ प्रियंक गांधी ने युवाओं के लिए घोषणापत्र जारी करते हुए शुक्रवार को कहा कि हम कोई भी खोखला वादा नहीं कर रहे हैं, सरकार के पास पर्याप्त पैसे हैं। प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के घोषणापत्र में रोजगार, स्थानीय कौशल को बढ़ावा देने की बात कही है।

बता दें कि इससे पहले कांग्रेस ने यूपी में महिलाओं के लिए भी एक अलग घोषणापत्र जारी किया था जिसमें 40 फीसदी सीटें महिलाओं को देने का वादा किया गया था।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान होने हैं और चुनावों के नतीजे 10 मार्च को आएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Uttar Pradesh Elections, UP Elctions, Congress leader Rahul Gandhi, Priyanka Gandhi, Uttar Pradesh, Youth Manifesto
OUTLOOK 21 January, 2022
Advertisement