Advertisement
25 August 2020

यूपी के बलिया में पत्रकार की गोली मारकर हत्या, चार लोगों को किया गया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बलिया में सोमवार रात कुछ बदमाशों ने एक हिंदी टीवी चैनल के पत्रकार रतन कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। सिर में गोली लगने से रतन की मौके पर ही मौत हो गई। दिल दहला देने वाली ये घटना बलिया जिले के फेफना थाना इलाके की है। इस मामले में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

एएसपी संजय यादव ने बताया

हत्या के इस मामले में बलिया के एएसपी संजय यादव ने बताया कि, 'सोमवार रात फेफना गांव में एक हिंदी चैनल के पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पत्रकार की पहचान 45 वर्षीय रतन सिंह के रुप में हुई है। घटना के समय फेफना गांव में वो अपने घर की ओर जा रहे थे।'

Advertisement

चार लोगों को किया गया गिरफ्तार

अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने कहा कि इस सिलसिले में चार लोगों दिनेश सिंह, अरविंद सिंह, सुनील सिंह और मोती सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पत्रकार अपने पड़ोसी दिनेश सिंह के साथ एक संपत्ति विवाद में शामिल था।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा, "रतन का अपने पड़ोसी के साथ संपत्ति को लेकर विवाद था। सोमवार शाम को दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ और पड़ोसी ने उस पर गोली चला दी। अभियुक्त दिनेश सिंह भी रतन सिंह का साझीदार है"।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि संपत्ति विवाद के मामले में 2019 में दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि रतन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में उनका नाम हटा दिया गया।

सोमवार की घटना के बारे में बात करते हुए, कुमार ने कहा कि रतन की हत्या के पीछे का कारण संपत्ति विवाद था और पत्रकार के काम से संबंधित नहीं था। उन्होंने कहा, "चारों आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम और गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Four Arrested, Journalist, Shot Dead, Uttar Pradesh, यूपी, बलिया, पत्रकार, गोली मारकर हत्या, चार लोगों, गिरफ्तार
OUTLOOK 25 August, 2020
Advertisement