स्थापना दिवस पर हेमन्त देंगे सूबे को आठ हजार करोड़ की योजनाओं का तोहफा, बिरसा के गांव उलिहातू पहुंचीं राष्ट्रपति
झारखंड 22 साल का हो गया है। धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती यानी 15 नवंबर को ही 15 नवंबर 2000 को बिहार से कटकर अलग झारखंड राज्य बना था। केंद्रीय एजेंसियों की घेराबंदी के बीच हेमन्त सोरेन बड़े उत्साह के साथ राज्य स्थापना दिवस की तैयारी में जुटे थे। सोमवार की शाम उन्होंने आयोजन स्थल का दौरा कर तैयारी का मुआयना किया। उनके शासन के तीन साल होने जा रहे हैं। राज्य स्थापना दिवस समारोह के लिए रांची के मोरहाबादी मैदान में व्यापक तैयारी की गई है।
इस मौके पर हेमन्त सोरेन बेरोजगार युवाओं और छात्रों के लिए चार नई योजनाओं को लॉंच करने जा रहे हैं वहीं प्रदेश के लिए आठ हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात देंगे। इधर बिरसा मुंडा के गांव रांची से सटे खूंटी जिला के उलिहातू में बड़े समारोह का आयोजन किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सिर नवाने बिरसा के आंगन पहुंची हैं। इसके पहले कोई राष्ट्रपति बिरसा के गांव नहीं आया था। द्रौपदी मुर्मू के रांची पहुंचने पर एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आदि ने उनका स्वागत किया। वहां से वह उलिहातू जाकर बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ में राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी थे। बिरसा की जयंती को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
पिछले साल ही भारत सरकार ने इसका निर्णय किया था। द्रौपदी मुर्मू राज्य स्थापना दिवस में भी शामिल होने वाली थीं। मगर उनका दो दिवसीय दौरा एक दिन का हो गया और कार्यक्रम में भी फेरबदल कर दिया गया। द्रौपदी मुर्मू राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल नहीं होंगी, देवघर के बाबाधाम जाने का कार्यक्रम भी रद हो गया।
राज्य स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना, एकलव्य स्थिल स्कीम लॉच करेंगे। मुख्मंती राहत योजना पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इंडस्ट्रियल पार्क एंड लॉजिस्टिक पॉलिसी, इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी, इथेनॉल प्रोमोशन पॉलिसी भी पेश करेंगे। मौके पर एक सौ करोड़ से अधिक लागत वाली सात बड़ी सड़क परियोजनाओं का शिलान्साय करेंगे। इन्हें रांची के नामकुम आरओबी से अनगड़ा तक 18 किलोमीटर लंबी सड़क, देवघर में खागा से डुमरिया 29 किलोमीटर लंबी सड़क, हजारीबाग में तीन सड़कों और चाईबासा से मझगांव सड़क के साथ साथ विभिन्न जिलों में जलापूर्ति योजना, कचरा प्रबंधन योजना, बस पड़ाव, मार्केट काम्प्लेक्स, रांची में वेजिटेबल मार्केट सह पार्किंग, देवघर में आइएसबीटी आदि परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, कांग्रेस के झारखंड प्रभारी अविनाश पांडेय सहित यूपीए के तमाम मंत्री, विधायक, सांसद, नेता हिस्सा लेंगे।