Advertisement
05 October 2021

लखीमपुर खीरी हिंसा: एक और वीडियो आया सामने, थार से उतर भागते लोग, पहिये के नीचे पड़ा किसान!

ट्विटर

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में बवाल के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें बर्बरता साफ नजर आ रही है। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें टक्कर मारने वाली गाड़ी 'थार' को रोककर कुछ लोग भागते हुए नजर आ रहे हैं। थार जहां रुकी है, उसके पिछले पहिए के पास एक शख्स घायल हालत में पड़ा है और पीछे कई लोग भागते हुए दिख रहे हैं।

सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में एसयूवी 'थार' में सवार दो लोग किसानों को कुचलने के बाद वाहन से भागते हुए नजर आ रहे हैं। किसानों ने केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा पर कार में होने का आरोप लगाया था। हालांकि, घटना के वक्त आशीष मिश्रा  ने दूसरे कार्यक्रम में होने का दावा किया था। आउटलुक इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

इससे पहले एक और वीडियो सामने आया था। आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने लखीमपुर कांड का ये वीडियो ट्वीट किया है। इस वीडियो में एक गाड़ी किसानों को कुचलते हुए नजर आ रही है। आप नेता संजय सिंह ने इस वीडियो को ट्ववीट किया है। आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने वीडियो को शेयर करते हुए कहा है कि ‘क्या इसके बाद भी कोई प्रमाण चाहिये? देखिये सत्ता के अहंकार में चूर गुंडे ने किसानो को अपनी गाड़ी के नीचे कैसे रौंदकर मार दिया। कुछ चैनल ज्ञान दे रहे थे कि मंत्री का बेटा जान बचाने के लिए भागा था।’

Advertisement

 

शेयर किए गए इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे एक गाड़ी झंडे बैनर लेकर आगे बढ़ रहे किसानों को पीछे से आकर टक्कर मारती है। एक किसान कार के बोनट पर जा गिरता है। इसके बाद मौके पर भगदड़ मच जाती है। कुछ लोग इस काले रंग की एसयूवी से कुचले जाते हैं तो कुछ लोग छिटककर दूर जा गिरते हैं।

किसानों को रौंदते हुए ये एसयूवी आगे बढ़ जाती है। इसके पीछे ही कुछ सेकेंड के अंतराल पर पीछे से आई एक दूसरी कार भी कुचलकर आगे बढ़ जाती है। अब तक ये कहा जा रहा था कि किसानों के पथराव से गाड़ी असंतुलित होकर भीड़ पर चढ़ी, लेकिन अगर इस वीडियो की प्रमाणिकता सही हुई तो फिर मामला गंभीर होना तय है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Uttar Pradesh, Lakhimpur Kheri Violence, Another video, Thar, farmers
OUTLOOK 05 October, 2021
Advertisement