Advertisement
19 May 2022

आजम खान को अंतरिम जमानत मिलने पर शिवपाल यादव की पहली प्रतिक्रिया, कहा- वह घड़ी आ गई

सुप्रीम कोर्ट से आज समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता और रामपुर से विधायक आजम खान को बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान को अंतरिम जमानत दी है, जिस पर अब प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। शिवपाल यादव ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे अरसे से न्याय की जिस घड़ी की प्रतीक्षा की जा रही थी वो आज पूरी हो गई। शिवपाल यादव लगातार आजम खान को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला कर रहे थे।

प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा "सत्यमेव जयते नानृतं सत्येन पन्था विततो देवयानः लम्बे अरसे से न्याय की जिस घड़ी की प्रतीक्षा थी वह आज पूर्ण हुई है। आजम खान साहब को सर्वोच्च न्यायालय ने अंतरिम जमानत दे दी है। उन्हें व्यवस्था की घोर प्रताड़ना से न्याय मिला है। भारत की न्याय व्यवस्था उम्मीद की एक किरण है... नमन।"

इससे पहले आजम खान के बेटे और स्वार से विधायक अब्दुल्ला आजम ने भी ट्विटर पर 'सुप्रीम कोर्ट' जिंदाबाद लिखा। आजम की पत्नी तंजीन फातिमा ने इसे सच्चाई की जीत बताया।

Advertisement

इससे पहले शिवपाल यादव सीतापुर जेल में आजम खान से मुलाकात करने भी पहुंचे थे, जिसके बाद उन्होंने सपा पर आजम की अनदेखी का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि सपा ने आजम खान की रिहाई के लिए कुछ नहीं किया। पीएम मोदी मुलायम सिंह की बात सुनते हैं अगर वो सदन में ये मुद्दा उठाते तो उनकी बात जरूर सुनी जाती।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shivpal Yadav, first reaction, Azam Khan, interim bail, samajwadi Party
OUTLOOK 19 May, 2022
Advertisement