Advertisement
21 December 2021

यूपी चुनाव 2022: भागवत-मुलायम की तस्वीर से बढ़ी हलचल, सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा, कांग्रेस ने साधा निशाना

ट्विटर

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासत जोरों पर है। इसके मद्देनजर वार-पलटवार और चुनावी वादों और सौगातों का दौर जारी है। सियासी सरगर्मियों के बीच एक तस्वीर सामने आई, जिसमें समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह और संघ प्रमुख मोहन भागवत एक-साथ नजर आ रहे हैं। अब इसी तस्वीर पर घमासान छिड़ा है। इस तस्वीर में संघ प्रमुख केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल को बधाई देते हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीर भी केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने ट्वीट की। लेकिन इस तस्वीर ने यूपी के सियासी गलियारे में सरगर्मी बढ़ा दी है। वहीं, सोशल मीडिया पर लोग अर्जुन मेघवाल से ज्यादा मुलायम-भागवत मुलाकात पर तमाम चर्चाएं कर रहे हैं।

इस बीच कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर इस तस्वीर को ट्वीट करते हुए तंज कसा गया है। कांग्रेस ने लिखा है कि "नई सपा" में 'स' का मतलब 'संघवाद' है? दरअसल राजनैतिक रूप से समाजवादी पार्टी संघ की कट्टर दुश्मन है। मुलायम और मौजूदा अध्यक्ष अखिलेश यादव कई बार संघ पर निशाना साध चुके हैं।

यूपी विधानसभा चुनाव की सियासी तपिश के बीच सोमवार को उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू की पोती की शादी के कार्यक्रम में संघ प्रमुख मोहन भागवत और सपा के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की मुलाकात हुई। तस्वीर में साफ दिख रहा है कि दोनों नेता एक ही सोफे पर बैठे नजर आ रहे हैं। इस मुलाकात ने प्रदेश में सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है।

Advertisement

गौरतलब है कि यह वाकया उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू की पोती के शादी समारोह का कार्यक्रम था। विवाह समारोह में देश की तमाम राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। इसी कार्यक्रम में मोहन भागवत और और मुलायम सिंह यादव भी एक ही सोफे पर बैठे नजर आए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 21 December, 2021
Advertisement