Advertisement
05 October 2020

प्रियंका गांधी के साथ बदसलूकी पर नोएडा पुलिस ने मांगी माफी, जांच के आदेश

गौतम बौद्ध नगर (नोएडा) पुलिस ने रविवार को प्रियंका गांधी वाड्रा से माफी मांगी और कहा कि उसने शनिवार को डीएनडी फ्लाईओवर पर हंगामे के दौरान कांग्रेस नेता के साथ बदसलूकी की जांच का आदेश दिया है।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं के साथ शनिवार दोपहर उस दलित युवती के परिवार से मिलने हाथरस जा रही थीं, जिसकी कथित रूप से सामूहिक बलात्कार के बाद मौत हो गई थी।

प्रियंका जब वहां जा रही थीं तो दिल्ली-उप्र सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। इस दौरान हेलमेट पहने हुए एक पुलिसकर्मी ने डीएनडी टोल प्लाजा पर प्रियंका को रोकने का प्रयास किया और आरोप हैं कि पुलिसकर्मी ने कांग्रेस महासचिव के परिधान पकड़कर उन्हें रोका। 

Advertisement

“नोएडा पुलिस ने डीएनडी पर एक अनियंत्रित भीड़ को संभालने के दौरान प्रियंका गांधी के साथ हुई घटना पर गहरा अफसोस जताया। हम प्रियंका गांधी से भी माफी मांगते हैं।"

जिला पुलिस ने एक बयान में कहा, "पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) ने घटना का संज्ञान लिया है और एक वरिष्ठ महिला अधिकारी द्वारा जांच का आदेश दिया है। हम नोएडा पुलिस में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच के बाद दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


घटना की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए, जिसमें राज्य सरकार और पुलिस की आलोचना की गई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: The Gautam Buddh Nagar police, Priyanka Gandhi Vadra, ordered an inquiry, DND flyover, नोएडा पुलिस, प्रियंका गांधी, बदसलूकी, हाथरस
OUTLOOK 05 October, 2020
Advertisement