Advertisement
09 July 2020

कानपुर एनकाउंटर: विकास दुबे उज्जैन से गिरफ्तार, पकड़े जाने पर पब्लिक को चिल्लाकर बताई अपनी पहचान

कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद से फरार चल रहे गैंगस्टर विकास दुबे को गुरुवार को उज्जैन से गिरफ्तार किया है। जब पुलिस उसे गिरफ्तार कर गाड़ी में बैठ रही थी, तब उसने चिल्लाकर बताया कि मैं विकास दुबे कानपुर वाला हूं। पुलिस कानपुर एनकाउंटर मामले के बाद से ही फरार चल रहे इस कुख्यात आरोपी की तलाश में जुटी थी। इससे एक दिन पहले ही खबर थी कि विकस दुबे को फरीदाबाद में देखा गया है, हालांकि अब पुलिस ने उसे उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि पिछले 24 घंटों में पुलिस ने विकास दुबे के तीन करीबियोंं को ढेर कर दिया है।

बता दें कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में कुख्यात अपराधी विकास दुबे और उसके साथियों से मुठभेड़ में डीएसपी देवेंद्र मिश्र समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। तभी से पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी।

चिल्ला-चिल्लाकर कहने लगा कि मैं ही विकास दुबे 

Advertisement

उज्जैन के जिला कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि विकास दुबे महाकाल का दर्शन करने मंदिर में जा रहा था। उसी समय सुरक्षाकर्मियों ने उसको पहचाना और कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद विकास दुबे वहां पर चिल्ला-चिल्लाकर कहने लगा कि मैं ही विकास दुबे हूं। इसके बाद पुलिस की टीम ने उसको पकड़ा और कंट्रोल रूम में लेकर गई। 

शिवराज सिंह ने क्या कहा-

 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकास दुबे की गिरफ्तारी पर कहा कि जिनको लगता है कि महाकाल की शरण में जाने से उनके पाप धूल जाएंगे उन्होंने महाकाल को जाना ही नहीं। हमारी सरकार किसी भी अपराधी को बख़्शने वाली नहीं है।

ये भी पढ़ें- गैंगस्टर विकास दुबे के दो और सहयोगी ढेर, कानपुर में प्रभात मिश्रा तो इटावा में रणवीर का एनकाउंटर

पुलिस ने आज विकास दुबे के दो करीबियों को किया ढेर

इससे पहले गुरुवार सुबह कानपुर शूटआउट के मुख्य आरोपी विकास दुबे के दो करीबियों रणबीर शुक्ला और प्रभात मिश्रा को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। प्रभात मिश्रा को पुलिस ने फरीदाबाद के होटल से गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि प्रभात पुलिस की कस्टडी से भाग रहा था। इसके बाद एनकाउंटर में प्रभात को मार गिराया गया।

बुधवार को दुबे के साथ अमर दुबे का एनकाउंटर

वहीं, बुधवार सुबह पुलिस ने विकास दुबे के साथी अमर दुबे को एनकाउंटर में मार गिराया। बुधवार तड़के पुलिस से छिपकर भाग रहे अमर दुबे ने पुलिस पर फायरिंग की जिसके बाद पुलिस ने उसे हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में मार गिराया। बता दें कि अमर दुबे विकास का काफी करीबी माना जाता था, वह बिकरू गांव में पुलिसकर्मियों की हत्या में भी शामिल था।

लगातार खोज में जुटी रही पुलिस

बता दें कि मोस्‍टवांटेंड गैंगस्‍टर विकास दुबे को खोजने में पूरा पुलिस महकमा जुटा हुआ था, कल फरीदाबाद में विकास दुबे का होने का दावा किया गया था। एक सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा था कि वह ऑटो में सवार होकर जा रहा है। विकास दुबे के नोएडा में फिल्म सिटी में सरेंडर करने को लेकर दिनभर सूचना चलती रही। इन सूचना को लेकर फिल्म सिटी के चप्पे-चप्पे पर सुबह से लेकर देर रात तक भारी पुलिस बल तैनात रहा। अब गुरुवार को उसे उज्जैन से गिरफ्तार किया गया है।

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Vikas Dubey, main accused, Kanpur Encounter case, arrested, police station, in Ujjain, कानपुर एनकाउंटर, मुख्य आरोपी, विकास दुबे, उज्जैन, गिरफ्तार
OUTLOOK 09 July, 2020
Advertisement