Advertisement
14 August 2021

इंटरव्यू।। "ये कंटेंट इरोटिक-पोर्न नहीं, 2000 से अधिक एडल्ट साइट्स गूगल पर, सभी पर हो एक्शन": गहना वशिष्ठ

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राज कुंद्रा की कथित अश्लील फिल्में बनाने वाली कंपनी के करीब 4 प्रोड्यूसरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें गहना वशिष्ठ भी हैं। 6 फरवरी को गहना को गिरफ्तार किया गया था। पांच महीने जेल में बिताने के बाद फिलहाल वे जमानत पर हैं। कुंद्रा की न्यायिक हिरासत के बाद अब उन पर डरा-धमकाकर वीडियो शूट करवाने के भी आरोप लग रहे हैं। आउटलुक के नीरज झा से बातचीत में गहना वशिष्ठ कहती हैं, “जानबूझकर फंसाने और बदनाम करने की साजिश चल रही है।” प्रमुख अंशः

आप पर पहले अश्लील वीडियो बनाने और अब डरा-धमका कर पोर्न फिल्मों की शूटिंग करने के आरोप हैं। क्या कहेंगी?

हां, दो लड़कियों ने ये आरोप लगाए हैं। उनका नाम नहीं बताना चाहूंगी। लेकिन, इसमें थोड़ी भी सच्चाई है तो कोई भी वीडियो क्लिप सबूत के तौर पर इन्हें जारी करना चाहिए। मैं खुद एक लड़की हूं। जिसके साथ जो एग्रीमेंट साइन रहता है उसके मुताबिक उसे पैसे मिलते हैं। कोई पोर्न कंटेंट शूट नहीं किया गया है। हमारा पोर्नोग्राफी से कोई लेना-देना नहीं है।

Advertisement

राज कुंद्रा से आपके कनेक्शन हैं?

राज कुंद्रा को फंसाया गया है। ‘हॉट-शॉट्स’ पर कोई पोर्नोग्राफिक कंटेट अपलोड नहीं हुआ है और न ही इस तरह की फिल्में बनाई गई हैं। मैंने उनके साथ काम किया है। इरोटिक कंटेंट बनाए हैं और ये पोर्न की कैटेगरी में नहीं आते हैं। ऐसा है तो सभी पर एक्शन होना चाहिए, चाहे अल्ट बालाजी, उल्लु या कूकू प्लेटफॉर्म हो।

लेकिन, कई ओटीटी प्लेटफॉर्म हैं, जैसे न्यूफ्लिक्स- जिस पर आपके भी इरोटिक कंटेंट (मदहोशी वेब सीरीज) उपलब्ध हैं और उसी प्लेटफॉर्म के अश्लील वीडियो पोर्न वेबसाइट्स पर उपलब्ध हैं।

देखिए, मुझे जो स्क्रिप्ट और अभिनय करने को मिला, उसे मैंने किया। आप ‘मदहोशी’ देखें तो उसमें कोई अश्लील दृश्य नहीं है, यहां तक कि नॉर्मल किसिंग सीन भी नहीं है। उस ओटीटी में पोर्न वीडियो बनाए गए हैं या नहीं, मुझे नहीं पता। उन्होंने मेरे कंटेंट को कहां रिलीज किया, इस बारे में भी मैं नहीं जानती।

आपके कंटेंट कहां रिलीज किए जा रहे हैं, आपको नहीं पता!!

आप मेरा कोई भी वीडियो, फोटो- चाहे इंस्टाग्राम, सोशल साइट्स पर हो या ओटीटी प्लेटफॉर्म पर, दिखा दीजिए जिसमें मैंने अपने प्राइवेट पार्ट्स दिखाए हों या इस तरह का अभिनय किया हो।

बॉलीवुड की कई अभिनेत्री-मॉडल राज कुंद्रा और आप पर आरोप लगा रही हैं कि आपने उन्हें इस इंडस्ट्री में धकेला है।

जो ये आरोप लगा रही हैं, उनका आप सोशल मीडिया प्रोफाइल खंगाल लीजिए। पूनम पांडे या शर्लिन चोपड़ा- इनके इंस्टाग्राम पर जाइए... आपको एक के बाद एक सेमी न्यूड या न्यूड फोटो-वीडियो दिख जाएंगे। इनका आरोप पूरी तरह से आधारहीन है। क्यों, ये लोग अग्रिम जमानत याचिका दाखिल कर रहे हैं? उन्हें पता है कि सच क्या है।

तो क्या बॉलीवुड में आपकी किसी से दुश्मनी है?

बिल्कुल, यह बदला लेने के लिए है। लेकिन, सच सामने आएगा। देखिए, बिना किसी गलती के मेरे तीन अकाउंट फ्रीज किए गए हैं, जो मैंने 11 साल की मेहनत से कमाए हैं। उधारी पर जी रही हूं। पांच महीने बाद भी मेरे कई गैजेट जांच टीम के पास हैं।

आपके खिलाफ मीडिया में लगातार खबरें चल रही हैं। क्या आपको मीडिया ट्रायल का डर है, जैसा हमने सुशांत मामले में रिया के साथ देखा?

मुझे ईश्वर पर पूरा भरोसा है। मुझे पता है कि न मैंने पहले कुछ गलत किया था और न अब मैंने कुछ ऐसा किया है। मुझे सिर्फ टारगेट किया जा रहा है।

लेकिन, ओटीटी प्लेटफॉर्म पर जिस तरह की वेब सीरीज आ रही हैं और जैसे नाम दिए जा रहे हैं- सरला भाभी, कविता भाभी, मदहोशी ये किस तरह के नाम हैं?

फैंटेसी पैदा करने के लिए इस तरह के नाम दिए जाते हैं। इसमें दिक्कत क्या है? जो चीजें और विचार सामाजिक जीवन में आते हैं, वही हम यहां भी देखते हैं।

क्या पोर्नोग्राफी कंटेंट बनाना सही है?

बिल्कुल नहीं, ये गलत है। इस पर पूरी तरह से बैन होना चाहिए।

पोर्न कंटेंट अलग से सब्सक्रिप्शन बेस्ड ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा कर बड़ा कमाई का जरिया बनता दिख रहा है। अभिनेत्रियां ऐप बनाकर कंटेंट डाल रही है। आपने भी बनाए।

मैं इसे पोर्न कंटेंट नहीं कहूंगी। ये इरोटिक कंटेंट होते हैं। जब साइट्स पर फ्री में वीडियो उपलब्ध हैं तो फिर कोई पैसा क्यों देगा? आप गूगल प्लेस्टोर्स पर आर्म्स प्राइम सर्च करेंगे तो आपको कई ऐसे एप अभिनेत्रियों के मिलेंगे। ये एप डेवलपर कंपनी है। मैंने भी बनवाए थे, लेकिन कुछ महीने बाद बंद कर दिया। कुछ को छोड़ बाकी कहीं भी आपको अश्लील कंटेंट नहीं मिलेंगे।

ट्विटर पर भी बड़ी संख्या में पोर्न कंटेंट के छोटे-छोटे क्लिप उपलब्ध हैं। एडल्ट18 प्लस नाम से कई अकाउंट बने हुए हैं। उस पर टेलीग्राम के नंबर फ्लैश किए जाते हैं। ये किस तरह का हथकंडा है?

मुझे इसकी जानकारी नहीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: गहना वशिष्ठ, पार्न स्टार, देसी पार्न, राज कुंद्रा, अश्लील फिल्में, मुंबई पुलिस, पोर्न कंटेंट, Porn Star, Desi Porn, Raj Kundra, Porn Movies, Mumbai Police, Porn Content, नीरज झा, Neeraj Jha
OUTLOOK 14 August, 2021
Advertisement