Advertisement
22 October 2020

चुनाव के नतीजे चाहे जो भी हो, मध्यप्रदेश में भाजपा की रहेगी सरकार: नरोत्तम मिश्रा

कई स्वतंत्र सर्वेक्षणों में भाजपा को कम सीटें मिलने की बात कही जा रही है। ऐसी स्थिति में भाजपा की क्या रणनीति होगी?


इस तरह के सर्वे को हम कोई महत्व नहीं देते है, फिर भी स्पष्ट कर दूं कि भाजपा की सरकार बनी हुई है। हमारे पास सभी निर्दलीय और दूसरी पार्टियो ं का समर्थन है। उसके बाद बहुमत के लिए केवल एक सीट चाहिए , तो यह तय है कि सरकार तो भाजपा की ही रहेगी, पर हम राज्य में एक मजबूत सरकार देना चाहते है। उसके बाद ही तेजी से विकास के कार्य होते है। उसी पर हमारा काम हो रहा है। इसके अलावा यह भी तय मानिये कि भाजपा आ जहां पर भी है वहां से चुनाव की तारीख तक वह लगातार मजबूत ही होगी। हम घर-घर जाकर लोगों तक अपनी बात पहुंचा रहे है।
 
आप राज्य के गृह मंत्री है और कांग्रेस लगातार राज्य की खराब कानून व्यवस्था की बात उठा रही है। हाल में कई ऐसी घटनाएं भी घटी है जो उनके आरोप को बल देती है। इस बारे में क्या कहेंगे?

जिनके घर खुद शीशे के हो उनको दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं मारने चाहिए।  उनके कार्यकाल में लोग जिंदा जला दिये गये है। अपहरण के बाद लाश ही मिलती थी। इस तरह के मामलों में कोई कार्यवाही भी नहीं हुई। दूसरी ओर थानों की नीलामी होती थी, मंत्रालय को दलालों का अड्डा बना दिया था और ये लोग कानून व्यवस्था की बात करते है। इसके अलावा जो हाल की घटनाएँ हुई है वो बहुत दुखद है किन्तु देख लीजिये कि सभी में त्वरित कार्रवाई हुई है और गिरफ्तारियां भी हो गईं हैं।

भाजपा इन चुनावों में कितनी सीटें जीत रही है?

 
सभी 28 सीटें भाजपा के खाते में आ रही है और हम
एक मजबूत सरकार राज्य को देंगे। इस सरकार में प्रदेश का विकास ही केवल एजेंडा है।  मध्य प्रदेश विकास की नई परिभाषा  लिखेगा।

कमलनाथ जी के हाल के बयान को जनता किस रूप में लेगी। उसका क्या असर चुनाव पर देखते है?


जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। इसका ख़ामियाज़ा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। जनता समझ गई है कि वे कोई राजनेता नहीं है वो तो उद्योगपति है, जो चाँदी की चम्मच के साथ पैदा हुए।  जिन्होंने कभी खेतों में पैर नहीं रखा हो वे लोगों का दुख क्या समझेंगे। जनता ऐसे व्यक्ति को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
Advertisement

उस बयान के बाद कांग्रेस में जो आपसी खींचतान  चल रही है, उसको आप किस रूप में देखते है।

 
मध्य  प्रदेश में अब कोई दूसरी पार्टी ही कांग्रेस की जगह लेगी। वहां तो विघटन की शुरूआत हो चुकी है। अगले चुनाव तक उसका बहुत कुछ खत्म हो चुका होगा। इसके अलावा चुनाव परिणाम के बाद यह भी तय है कि कांग्रेस को नया प्रदेश अध्यक्ष और नया नेता  प्रति पक्ष भी मिलेगा। ये दोनो पद अभी कमलनाथ के पास है। 

आप खुद ग्वालियर-चंबल से आते है, उसके बावजूद अभी तक आपकी सक्रियता काफी कम है क्या कोई नाराज़गी है?
 
ऐसा कुछ भी नहीं है। मैं लगातार प्रचार में लगा हुआ हूं। यहां संगठन ने सभी लोगों की भूमिका तय कर रखी है। उसी के अनुसार सब काम करते है। 

चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में आने के बाद क्या आपकी भूमिका में  किसी तरह का कोई बदलाव देखने को मिलेगा?

मैं पार्टी का अनुशासित कार्यकर्ता हूं। हमेशा उसी के आदेश  का पालन करता हूं। पार्टी का जो आदेश होगा उसी के अनुसार काम करूंगा।
अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: इंटरव्यू, चुनाव के नतीजे, जो भी हो, बनेगी भाजपा की सरकार, नरोत्तम मिश्रा, Whatever the outcome. election, BJP government, will be formed, Narottam Mishra
OUTLOOK 22 October, 2020
Advertisement