Advertisement
10 January 2015

युवाओं को भ्रमित कर रहे मोदी- ‌शिवपाल सिंह यादव

निराला त्रिपाठी


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू अपर्णा यादव ने प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर सियासी हलकों में सरगर्मी तेज कर दी। मुलायम के दूसरे बेटे प्रतीक की पत्नी अपर्णा के इस बयान पर मुलायम के छोटे भाई और प्रदेश सरकार में लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव से कुमार पंकज ने विस्तार से बात की। पेश है प्रमुख अंश-
आपके परिवार के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर रहे हैं। आखिर क्यों?
तारीफ नहीं कर रहे हैं। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को भ्रमित कर रहे हैं। अगर हमारे परिवार का भी कोई युवा भ्रमित हो रहा है तो वह क्षणिक है। क्योंकि नरेंद्र मोदी के विकासपुरुष की पोल जल्द ही खुलने वाली है। वह तो पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने में लगे हैं। दुनिया में डंका पीटने की बजाय अपने देश के विकास के बारे में सोचें वह जरूरी है।
लेकिन इससे यह संदेश जा रहा है कि समाजवादी पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है?
ऐसी बात नहीं है। मीडिया में इस तरह का भ्रम पैदा किया जाता है।  
उत्तर प्रदेश में विकास के लिए क्या किया जा रहा है?
विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। कई ऐसी योजनाएं है जिससे प्रदेश का विकास हो रहा है। प्रदेश की जनता को आने वाले दिनों में कई और लाभान्वित करने वाली योजनाओं की सौगात मिलने वाली है।
आप अभी हाल में जापान गए थे तो क्या आप भी जापान की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में विकास करना चाहते हैं?
बिल्कुल, हमने कई ऐसी योजनाएं देखी जिसको उत्तर प्रदेश में लागू करने की तैयारी चल रही है। इसमें केंद्र सरकार के सहयोग से कई योजनाओं को लागू करेंगे।

TAGS: शिवपाल यादव, राजनीति, साक्षात्‍कार, अपर्णा यादव
OUTLOOK 10 January, 2015
Advertisement