Advertisement
23 March 2017

शुद्ध पेयजल के लिए आईआईटी ने दी आर्थिक सहायता

शुद्ध पेयजल के लिए आईआईटी ने दी आर्थिक सहायता

आईआईटी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि डिसेंटिक टेक्नालॉजी कंपनी के विनीत वत्स और उनकी टीम ने वाह नाम का एक ऐसा मोबाइल वॉटर एटीएम तैयार किया है जिसमें कम दाम पर दो रुपये में 250 मिलीलीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। वाह वॉटर एटीएम द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा तथा इसमें फूड ग्रेड रिसाइकेबल पेपर के गिलास का इस्तेमाल किया जाएगा जिससे पानी की बोतल से उत्पन्न होने वाले लगभग 1500 से 3500 किलोग्राम प्लास्टिक के कचरे को रोका जा सकता है।

बयान में कहा गया कि डिसेंटिक टेक्नालॉजी द्वारा इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर आरओ प्रणाली लगाए जाने के लिए उनके साथ समझौता किया गया है। पेट्रोल पंपों पर लगाए जाने वाले ये आरओ पांच किलोमीटर के दायरे में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएंगे।

आईआईटी में अनुसंधान एवं विकास के प्रो. समीर खांडेकर के मुताबिक डिसेंटिक टेक्नालॉजी की स्थापना का उद्देश्य लोगों को शुद्ध पेयजल पहुंचाना है और साथ ही उद्यमिता को आगे बढ़ाना है। आईआईटी की मदद से यह कंपनी लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएगी। आईआईटी द्वारा जो धनराशि कंपनी को दी गयी है, वह एक समय सीमा के अंदर वापस लौटानी होगी।

TAGS: IIT kanpur, आईआईटी कानपुर
OUTLOOK 23 March, 2017
Advertisement