Advertisement
12 September 2017

अमेरिका में भाषण के दौरान राहुल से हुई चूक, सोशल मीडिया पर खिंचाई

Demo Pic

कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं, जहां रहकर वे काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। उन्होंने यहां कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय बर्कले में छात्रों को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान कई बार उनकी जबान फिसली और कुछ तथ्यों को उन्होंने गलत बता दिया। बस इसके बाद ही ट्विटर यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। 

'भारत से 70 साल: रिफ्लेक्शन ऑन द पाथ फॉरवर्ड' पर बोलते हुए राहुल ने समकालीन भारत के बारे में बात की। साथ ही भारत को उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में आगे बढ़ने वाला देश बताया। न्यूज़ एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने लोकसभा में सीटों की संख्या को गलत बता दिया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में सीटों की संख्या को 545 नहीं बल्कि 546 बता दिया। जबकि सदन में कभी भी सीटों की संख्या सम नहीं हो सकती है। राहुल के द्वारा इन गलतियों के बाद ट्विटर पर लोगों ने उन्हें काफी ट्रोल करना शुरू कर दिया।

एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘राहुल गांधी से कम से कम इस मामूली चूक की उम्मीद नहीं थी। (लोकसभा में सीटों की संख्या 545 है, 546 नहीं)’।

Advertisement

एक अन्य ने लिखा, ‘राहुल गांधी का कहना है कि लोकसभा में 546 सदस्य हैं! एक विधायी सभा में सदस्यों की संख्या सम कैसे हो सकती है?

 

 

राहुल गांधी के भाषण के दौरान उनकी दिक्कतें तब और बढ़ गईं जब एक महिला ने कांग्रेस नेता के पसंद के विपरीत सवाल पूछा तो उन्हें चुप करा दिया गया। लेकिन वह महिला इतने में शांत नहीं हुईं, उसने कहा कि यह कैसा भाषण है, जहां आपको क्या सवाल करना है उस पर भी वक्ता का नियंत्रण हो?

बता दें कि राहुल गांधी दो सप्ताह की अमेरिका यात्रा पर हैं, वे यहां वैश्विक विचारकों, राजनेताओं और एनआरआई के साथ बातचीत करेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul gandhi, speech, mistake, troll, social media
OUTLOOK 12 September, 2017
Advertisement