Advertisement
18 January 2021

रिपब्लिक चैनल की रद्द हो जाएगी मेंबरशिप? NBA ने की सख्त कदम की मांग

File Photo

टीआरपी घोटाले में अर्नब गोस्वामी की फिर से मुश्किलें बढ़ गई है। अर्णब गोस्वामी का वाट्सऐप चैट सोशल मीडिया पर लीक हुआ, जिसमें सत्तारूढ़ मोदी सरकार के सदस्यों, प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ बातचीत का ब्यौरा है। इसके साथ ही बार्क के पूर्व सीईओ से टीआरपी को लेकर हुई बातचीत नजर आ रही है। जिसमें अर्णब गोस्वामी की नजदीकी और टीआरपी के हेरफेर करने के प्रयासों से संबंधित जानकारी का खुलासा हुआ है। अब एनबीए ने मांग की है कि रिपब्लिक टीवी का आईबीएफ मेंबरशीप जल्द-से-जल्द रद्द किया जाना चाहिए जब तक कि ये मामला कोर्ट में पेंडिंग है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में एनबीए ने कहा है, “इन संदिग्ध लोगों के खिलाफ बार्क द्वारा कार्रवाई की जानी चाहिए। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी और पुलिस कार्रवाई की जानी चाहिए, जो बार्क की विश्वसनीयता को खत्म करने के लिए जिम्मेदार हैं।"

एनबीए ने ये भी कहा है कि रिपब्लिक टीवी द्वारा टीवी रेटिंग में हेरफेर ने इस इंडस्ट्री की प्रतिष्ठा को बहुत नुकसान पहुंचाया है और इसलिए इसे कोर्ट के आदेश तक रिपब्लिक को बार्क रेटिंग प्रणाली से बाहर रखा जाना चाहिए।

Advertisement

एनबीए ने मांग की है कि टीवी रेटिंग की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाया जाए और एक सिस्टम बनाया जाए जिससे एनबीए द्वारा नामित व्यक्तियों की बार्क कमेटी के साथ बेहतर सलाह के बाद ही न्यूज सिस्टम को प्रभावित करने वाली रेटिंग में कोई बदलाव किया जाए।

दरअसल, अर्नब के इस कथित चैट को सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण ने एक सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर शेयर किया था। प्रशांत भूषण ने बीते शुक्रवार को वॉट्सऐप चैट के जो स्क्रीनशॉट्स शेयर किए, वे सोशल मीडिया पर वायरल थे। इनमें एक नाम अर्नब का नजर आ रहा है, जबकि दूसरे नाम के बारे में दावा किया जा रहा कि वे पार्थो दासगुप्ता के हैं। दासगुप्ता ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल यानी बार्क के सीईओ रह चुके हैं।

TAGS: NBA, IBF Membership, Republic TV, एनबीए, आईबीएफ मेंबरशीप, रिपब्लिक टीवी
OUTLOOK 18 January, 2021
Advertisement