Advertisement
05 September 2018

शिक्षक दिवस पर गूगल ने खास डूडल बनाकर दिया अध्यापकों को सम्मान

File Photo

हर साल भारत में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर गूगल ने डूडल बनाकर शिक्षकों को सम्मान दिया है। भारत के पहले उपराष्ट्रपति और दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्ण के जन्मदिन के रूप में शिक्षक दिवस मनाया जाता है।

गूगल का डूडल आज बेहद खास नजर आ रहा है। इसमें गूगल के जी को ग्लोब की शेप में बनाया गया है, जो कि गोल-गोल घूम रहा है। इसके कुछ देर बाद ग्लोब घूमना बंद कर देता है और चश्मा पहने एक टीचर की तरह नजर आता है। इसके बाद इसमें बुलबुले निकलने शुरू हो जाते हैं जो कि मैथ्स से लेकर केमिस्ट्री, अंतरिक्ष विज्ञान, म्यूजित, खेल आदि का संकेत देते हैं।

देश में इस दिन सभी शिष्य अपने गुरुओं के योगदान के लिए उन्हें अपना प्यार और सम्मान प्रकट करते हैं। इस दिन स्कूलों और कॉलेजों में छात्र शिक्षकों के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं। उन्हें पुरस्कार आदि देते हैं। पहली बार यह दिवस 1962 में मनाया गया था।

Advertisement

सर्वपल्ली राधाकृष्ण 1962 से 1967 तक देश के राष्ट्रपति रहे। वह भारतीय संस्कृति के संवाहक, महान दार्शनिक और प्रख्यात शिक्षाविद थे। उन्हें भारत सरकार द्वारा 1954 में सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। 5 सितंबर 1888 को तमिलनाडु के तिरूतनी ग्राम में जन्मे राधाकृष्ण ने अपने भाषणों से दुनिया को भारत दर्शन से परिचित कराया।

जब 1962 में वह राष्ट्रपति बने तो उनके सम्मान में लोगों ने 5 सितंबर के दिन को 'राधाकृष्ण दिवस' के तौर पर मनाने का फैसला किया। लेकिन बाद में खुद राष्ट्रपति राधाकृष्ण ने इससे मना कर दिया और कहा कि 5 सितंबर को उनके जन्मदिन की बजाय टीचर्स डे यानि शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Google, make doodle, the occasion, Teacher's day
OUTLOOK 05 September, 2018
Advertisement