Advertisement
10 January 2018

ममता बनर्जी के साथ लंदन गए पत्रकार ‘चम्मच’ चुराते पकड़े गए, भरना पड़ा 50 पौंड का जुर्माना!

डोला मित्रा

लंदन के लग्जरी होटल में सुरक्षा कर्मचारी दुविधा में थे। सीसीटीवी कैमरे की लाइव स्ट्रीमिंग में कुछ मेहमान नजर आ रहे थे जो आधिकारिक रात्रिभोज का आनंद ले रहे थे। इस दौरान कुछ मेहमान चांदी के बर्तन को चुपके से बैग और पर्स में रख रहे थे।

कर्मचारी इस बात पर विचार विमर्श कर रहे थे कि अलार्म बजाएं या नहीं.. लेकिन वे उस प्रतिष्ठित व्यक्ति को शर्मिंदा नहीं करना चाहते थे, जिनके सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया गया था। वे न केवल होटल में एक वीवीआईपी अतिथि थीं बल्कि वह भारत के राज्य पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री थी जो लंदन में एक आधिकारिक दौरे पर आई थीं। बड़ी मेज के चारों ओर बैठे अन्य मेहमानों में भारत और यूके दोनों देशों के प्रमुख नागरिक शामिल थे और इसमें राजनेता, उद्योगपति और पत्रकार भी थे।

Advertisement

जिन पर चोरी के आरोप लगे वे भारत के वरिष्ठ संपादक थे, जिनको उनके संगठन ने इस महत्वपूर्ण दौरे पर मुख्यमंत्री के साथ जाने के लिए चुना था। लेकिन इस तरह चौथे स्तंभ के द्वारा चम्मच चुराना अकल्पनीय था। सीसीटीवी में यह दृश्य साफ तौर पर दिखाई दे रहा था।

कथित तौर पर चम्मच चुराने वाला वरिष्ठ पत्रकार, एक प्रतिष्ठित बंगाली अखबार के संवाददाता हैं। वहीं एक अन्य वरिष्ठ पत्रकार पर भी चम्मच चुराने का आरोप लगा है। वह अन्य समाचार प्रकाशन के संपादक हैं। आउटलुक को इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल एक वरिष्ठ पत्रकार ने यह बात बताई।

एक अन्य बंगाली पत्रकार ने बताया कि चोरी के आरोप में पकड़े गए पत्रकारों को लग रहा था कि जो कैमरे उनके आसपास लगे हैं वो शायद काम नहीं कर रहें हों, क्योंकि अमूमन बंगाल में सीसीटीवी कैमरे काम नहीं करते। लेकिन यहां ऐसा नहीं था। सभी कैमरे काम कर रहे थे। होटल के सुरक्षा दस्ते ने जब पत्रकारों को चोरी करते हुए देखा तो उन्होंने बताया गया कि वह जो कुछ कर रहे हैं वह कैमरे में नजर आ रहा है। उन्हें होटल में चोरी करते हुए देखा जा रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ गए एक व्यक्ति ने दावा किया कि उन्होंने चोरी नहीं की। सुरक्षा अधिकारी चाहे तो उनकी तलाशी ले सकते हैं। लेकिन सीसीटीवी फुटेज में सारी सच्चाई सामने आ गई। चोरों की लिस्ट में वो भी शामिल थे। शख्स ने चांदी का सामान चुराकर अपने बैग में रखा था।

बाद में होटल के सुरक्षा दस्ते ने सहयोग नहीं करने पर पूरे मामलों को सार्वजनिक करने की धमकी भी दी। इसपर आरोपी ने चोरी की बात को कबूल की। फिर उन्हें 50 पौंड का जुर्माना भरना पड़ा। चोरी के आरोप की पड़ताल के लिए जब पत्रकारों से संपर्क किया गया तो उन्होंने भी इस आरोप को स्वीकार किया है।

एक बंगाली पत्रकार के मुताबिक विदेशी दौरे पर गए कुछ लोगों की ‘चम्मच’ चुराने की आदत होती है। हालांकि यह पहली बार हुआ है कि जब ये पकड़ में आए हैं।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Senior Journalists, Accompanying, Mamata Banerjee, London, Steal Silver Cutlery, Official Dinner Meet, Fined £50
OUTLOOK 10 January, 2018
Advertisement