Advertisement
03 June 2024

अखिलेश यादव ने एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए, भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया और दावा किया कि एग्जिट पोल करने वाली एजेंसियां सिर्फ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं।

चार जून को होने वाली मतगणना से पहले एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यादव ने कहा, ‘‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की जीत, देश और जनता की जीत होगी।’’ यादव ने कहा, ‘‘हम और आप (मीडिया) लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए लोगों के बीच थे। हम सभी ने देखा है कि उनकी (भाजपा) रैलियों में लोग नहीं थे, उनके टेंट खाली थे...उनके पक्ष में कुछ भी नहीं था।"

एग्जिट पोल पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल करने वाली कई एजेंसियां वही हैं जो भाजपा के लिए बूथ प्रबंधन का काम करती थीं। उन्होंने कहा, ‘‘वे (एग्जिट पोल एजेंसियां) भाजपा के पक्ष में माहौल बना रही हैं।’’

Advertisement

सपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘चुनाव खत्म हो चुके हैं। एग्जिट पोल कई चीजें दिखा रहे हैं। भाजपा कई चीजों के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने शांति और भाईचारे को बिगाड़ा। उन्होंने आरक्षण खत्म करने की साजिश रची। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ाए। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी को बढ़ावा दिया। गरीब और गरीब हो गए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे (भाजपा) विपक्ष को डराना चाहते हैं। उनकी शुरुआत से ही यही रणनीति रही है। वे ऐसा करते रहे हैं, लेकिन इस बार लोग तैयार हैं।’’ यादव ने कहा, ‘‘एग्जिट पोल कहता है कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सीट भाजपा जीत रही है। मैंने एक आंतरिक सर्वेक्षण करवाया है जिसमें भी हमारे लिए अच्छे आंकड़े दिख रहे हैं।"

यह पूछे जाने पर कि मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान प्रतिशत के आंकड़ों में वृद्धि हो रही है तो यादव ने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग को इसका जवाब देना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि आयोग सभी नियमों का पालन करेगा।’’ उन्होंने निर्वाचन आयोग से एजेंटों के लिए सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने को भी कहा। उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासन उनका (भाजपा) है ऐसे में जब भाजपा कमजोर दिखेगी तो वह एजेंटों को धमकाने की कोशिश करेगी।’’

उन्होंने कहा कि उनके पास वोट पोल और फॉर्म-17सी की सारी जानकारी है, क्योंकि उन्हें पता है कि भाजपा साजिश कर सकती है। यादव ने कहा, ‘‘ऐसा हो सकता है कि वे धीमी गति से मतगणना करें और रात में बिजली काट दें।’’

उन्होंने पेपर लीक के लिए भी भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। इसके साथ ही यादव ने हाथरस और मणिपुर में महिलाओं पर अत्याचार तथा महिला पहलवानों से यौन उत्पीड़न की घटनाओं का जिक्र किया और आरोप लगाया कि चुनावी बॉन्ड के नाम पर ‘‘देश का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार किया गया।’’

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘नोटबंदी से कारोबार बर्बाद हो गया। भ्रष्ट वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से छोटे दुकानदार खत्म हो गये। भाजपा किसानों की जमीन हड़पना चाहती थी और किसानों के लिए काले कानून लाना चाहती थी। देश को बेरोजगारी में धकेल दिया।’’

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Akhilesh yadav, BJP, Congress, SP, exit poll, loksabha election 2024
OUTLOOK 03 June, 2024
Advertisement