Advertisement
07 November 2023

अमित शाह का गहलोत पर कटाक्ष, कोई जादूगर ही ऐसा कर सकता है

केंद्रीय गृह मंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि राजस्थान में मौजूदा अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में राज्य में कानून-व्यवस्था, बिजली और पिछली भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई स्वास्थ्य सुविधाएं ‘गुम’ हो गईं। इसको लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा,‘‘यह तो कोई जादूगर ही कर सकता है।’’

राजस्थान के कुचामन में जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ‘सबसे भ्रष्ट’ है और वह ‘तुष्टिकरण की सभी सीमाएं’ लांघ चुकी है। उन्होंने लोगों से इसे उखाड़ फेंकने की अपील की। उन्होंने उदयपुर के दर्जी कन्हैयालाल हत्याकांड, विभिन्न सांप्रदायिक घटनाओं, अवैध खनन और भर्ती परीक्षा के पेपर लीक होने की घटनाओं के हवाले से राज्य की गहलोत सरकार पर निशाना साधा।

शाह ने कहा,‘‘अशोक गहलोत जी को कांग्रेस के उनके प्रशंसक जादूगर कहते हैं .. जादूगर तो वह हैं ही। कोई मुख्यमंत्री ऐसा जादू नहीं कर सकता। उन्होंने जादू कर राजस्थान में बिजली गुम कर दी, जो स्वास्थ्य सुविधाएं पिछली वसंधुरा राजे सरकार में बहुत आगे बढ़ी थीं, उसे उन्होंने गुम कर दिया, रोजगार और कानून-व्यवस्था भी गुम कर दी… इतनी सारी चीजें तो केवल जादूगर ही गुम कर सकता है। और कोई नहीं कर सकता।’’
कथित ‘लाल डायरी’ प्रकरण को लेकर गहलोत पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा,‘‘लाल रंग देखकर गहलोत जी भड़क जाते हैं। कुछ भी लाल हो, गहलोत जी को उसमें लाल डायरी ही नजर आती है, और कुछ नजर नहीं आता।’’

Advertisement

बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा का आरोप है कि इस डायरी में मुख्यमंत्री के अवैध वित्तीय लेनदेन का विवरण है। शाह ने कांग्रेस पर 70 साल तक अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा,‘‘550 साल से ज्यादा समय से प्रभु श्री राम अपमानित अवस्था में थे। 70 साल से से कांग्रेस पार्टी राम मंदिर को लटका रही थी, अटका रही थी, भटका रही थी । (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी ने इसका भूमि पूजन किया और 22 जनवरी 2024 को इसकी प्राण प्रतिष्ठा भी मोदी जी करने वाले हैं।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Amit shah, Ashok gehlot, Assembly election, Rajsthan, Bjp
OUTLOOK 07 November, 2023
Advertisement