Advertisement
18 February 2015

संघ में नई पीढी : नए होंगे सरकार्यवाह

संघ में नई पीढी : नए होंगे सरकार्यवाह | गूगल

आगामी 13, 14, 15 मार्च 2015 को नागपुर, महाराष्ट्र में प्रतिनिधि सभा की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में महत्वपूर्ण बदलाव हो सकते हैं। बैठक हर तीसरे वर्ष नागपुर में आयोजित की जाती है, जिसमें चुनाव होते हैं। यह चुनाव सर्वम्मत‌ि से होते हैं।

पिछले वर्ष यह बैठक बेंगलूरू में हुई थी। इस बार बैठक में मुख्य रूप से सह सरकार्यवाह के पद पर काम कर रहे दत्तात्रेय होसबोले को सरकार्यवाह बनाया जा सकता है। दत्तात्रेय होसबोले, भैया जी जोशी का स्थान लेंगे। भैया जी जोशी ने खुद इस पद से मुक्त होने की इच्छा जाहिर की है।

बैठक में इस बार सह सरकार्यवाह के तीन के बजाय पांच पद करने पर भी विचार किया जा सकता है। दत्तात्रेय होसबोले के अलावा अभी इस पद पर सुरेश सोनी और कृष्ण गोपाल हैं। तीन अन्य नामों में दो जिन नामों की चर्चा है उनमें कश्मीर प्रभारी अरुण कुमार और फिलहाल संघ का मीडिया का कामकाज देख रहे मनमोहन वैद्य हैं। तीसरे नाम के रूप में कण्णन हैं लेकिन पिछले दिनों उनके विवाह कर लेने से यह संभावना खारिज हो गई है। गौरतलब है कि उन्होंने विवाह से पहले संघ को विश्वास में नहीं लिया था।

Advertisement

मीडिया के एक हिस्से में चर्चा चली कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कहने पर ये बदलाव किए जा रहे हैं। इससे पहले भी दत्तात्रेय होसबोले को सरकार्यवाह बनाने की तैयारी की गई थी लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था। सूत्रों के अनुसार मोदी की इच्छा या अनिच्छा से इस बैठक का कोई वास्ता नहीं है।

सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में संगठात्मक एवं नीतिगत चर्चा के अलावा सरकार के कामकाज की भी समीक्षा की जाएगी और भारतीय जनता पार्टी के कामकाज की समीक्षा के साथ-साथ पार्टी संगठन के काम की भी चर्चा होगी। भाजपा संगठन में भी परिवर्तन के विकल्प खुले हैं और इसमें संघ से संगठन सचिव स्तर पर अन्य सदस्यों को लाने की भी चर्चा है।

कर्नाटक मूल के दत्तात्रेय होसबोले 18 साल की उम्र में प्रचारक हो गए थे। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में संगठन महासचिव रह चुके हैं। आपातकाल के दौरान वह 19 महीने जेल में भी रहे हैं। बिहार से उनका गहरा नाता रहा है। वह संघ में सह बौद्धिक प्रमुख भी रहे हैं।  

TAGS: सह सरकार्यवाह, सरसंघचालक, दत्तात्रेय होसबोले, मनमोहन वैद्य
OUTLOOK 18 February, 2015
Advertisement