Advertisement
16 April 2015

राहुल की वापसी से क्या कांग्रेस को वापस मिलेगी जमीन

पीटीआइ

   किसानों के आंदोलन से क्या कांग्रेस को उनकी जमीन वापस मिलेगी, यह अभी खुद कांग्रेस नेतृत्व को भी पता नहीं है।उधर, राहुल वापसी के साथ ही संगठन में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है।   

आउटलुक को मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस एक नई वेबसाइट भी लॉन्च करने की तैयारी में है। इस वेबसाइट का पूरा फोकस किसान और भूमि-अधिग्रहण पर नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लाया गया अध्यादेश होगा। इसमें कांग्रेस के सासन में लाए गए भू-अधिग्रहण कानून की मौजूदा अध्यादेश से तुलना की जाएगी। कांग्रेस के एक नेता के मुताबिक इस वेबसाइट के जरिए इस अध्यादेश के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी कार्यक्रमों की जानकारी भी मीडिया तक पहुंचाइगी। अब यह होगा कितना, ये अलग बात है, लेकिन अभी भी सीधे जनता से जुड़ने के बजाय वेबसाइट पर ध्यान देने का तर्क वरिष्ठ कांग्रेसी नेतृत्व को समझ नहीं आ रहा है।

आज दिन भर पार्टी के कई नेताओं के साथ पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मुलाकातें हुई। राहुल गांधी की ५० दिनों की छुट्टी पर भाजपा ने तो निशाना साधा ही हुआ है, पार्टी के अंदर से भी आवाजें उठ ही रही थीं। इनमें कांग्रेस की दिग्गज नेता शीला दीक्षित, दिग्विजय सिंह ने आवाज उठाई और राहुल गांधी की नेतृत्व पर सवाल उठाए थे। इसी बीच इस बात पर भी मीडिया सहित तमाम नेताओं ने बहुत सिर-फुटव्वल किया कि राहुल आखिर गए तो कहां गए। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी वियतनाम गए थे। हालांकि वह कहीं भी गए हों, यह उनका निजी मामला है लेकिन पार्टी को जिस तरह से उन्होंने अधर में छोड़ा, वह जरूर एक बड़ा सवाल उनकी राजनीतिक समझदारी पर सवाल उठता है।

Advertisement

राहुल गांधी लंबे आराम के बाद घर वापस आए हैं, तो क्या यह उम्मीद की जा सकती है कि वह राजनीतिक प्रखरता से काम करेंगे। जिस राजनीतिक पैनेपन की उम्मीद राहुल गांधी से कांग्रेस के भविष्य के अध्यक्ष के रूप में की जा सकती है, क्या वह अब दिखेगा। ये सारे सवाल अभी लंबे समय तक भारतीय राजनीति में रहेंगे क्योंकि कांग्रेस जितनी भी सिकुड़ जाए, अभी भाजपा का राष्ट्रीय विकल्प के रूप में उसकी दावेदारी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: राहुल गांधी, कांग्रेस, घर वापसी, नेतृत्व, किसान, भूमि अधिग्रहण अध्यादेश, पार्टी, विरोध, वियतनाम
OUTLOOK 16 April, 2015
Advertisement