Advertisement
11 October 2024

बुरी ताकतें राज्य को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं: कर्नाटक सरकार

कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने एमयूडीए ‘घोटाला’ मामले पर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को घेर रहे विपक्षी दलों भाजपा और जद(एस) पर निशाना साधते हुए कहा कि बुरी ताकतें छल-कपट और धोखाधड़ी से राज्य को अस्थिर करने की कोशिश कर रही हैं।

सरकार ने शुक्रवार को समाचार पत्रों में पूरे पृष्ठ का विज्ञापन देकर लोगों को ‘विजयादशमी’ की शुभकामनाएं दीं।

विज्ञापन में लिखा है, ‘‘बुराई पर अच्छाई की जीत हुई! देवी चामुंडेश्वरी हमें कर्नाटक के लोगों के लिए शांति और समृद्धि लाने की शक्ति तथा छल-कपट और धोखे से राज्य को अस्थिर करने की कोशिश कर रहीं बुरी ताकतों का वध करने का साहस प्रदान करें।’’

Advertisement

सरकार के अनुसार, इस नवरात्रि में नौ ‘‘आधुनिक बुराइयां’’ हैं, जिनमें सांप्रदायिक हिंसा, सामाजिक कुरीतियां, शांति भंग करना, असामाजिक गतिविधियां, आतंकवाद, हिंसा, उकसावे, अफवाहें और गलत सूचना शामिल है।

केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने विज्ञापन में ‘‘बुरी ताकतों’’ के बारे में की गई टिप्पणी आलोचना की है और सत्तारूढ़ दल के लोगों के खिलाफ मैसुरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) घोटाले समेत भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए हैं। इनपर प्रतिक्रिया देते हुए सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘उन्हें यह बात बी. एस. येदियुरप्पा (पूर्व मुख्यमंत्री) को कहनी चाहिए, जो यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) मामले में आरोपों का सामना कर रहे हैं। उनसे (भाजपा से) कहिए कि येदियुरप्पा को पार्टी के संसदीय बोर्ड से हटा दें।’’

सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘येदियुरप्पा अब अदालत की दया पर जेल से बाहर हैं, अन्यथा वह जेल के अंदर होते।’’

जनता दल (सेक्युलर) के नेता और केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने कहा, ‘‘विज्ञापन में कहा गया है कि ‘सत्य धर्म’ का पालन करने वाली सरकार को बुरी ताकतें अस्थिर कर रही हैं। दरअसल, यह सरकार अनैतिक तरीकों का इस्तेमाल करके खुद को स्थिर करने की कोशिश कर रही है। मैं जानना चाहता हूं कि आप किस ‘सत्य धर्म’ की रक्षा कर रहे हैं।’’

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: MUDA scam, Karnatak government, CM Sidharamaiah, BJP, Congress, Karnataka Political stability
OUTLOOK 11 October, 2024
Advertisement