Advertisement
16 February 2024

भारत जोड़ो न्याय यात्रा: बिहार में राहुल गांधी के सारथी बने तेजस्वी यादव

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ शुक्रवार को बिहार के सासाराम जिले से फिर से शुरू हुई और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव इस यात्रा में शामिल होने के साथ कांग्रेस नेता के सारथी की भूमिका में दिखाई दिए।

कांग्रेस सांसद राहुल ने रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना अंतर्गत जमुहार में रात्रि विश्राम के बाद तेजस्वी के साथ एक लाल खुली जीप में सवार होकर यात्रा की शुरुआत की।

तेजस्वी जीप चला रहे थे वहीं कांग्रेस नेता राहुल बगल की सीट में बैठे थे। जीप में पीछे लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार बैठी हुईं थीं। दोनों युवा नेताओं ने सड़क पर एकत्र भीड़ की ओर हाथ हिला कर उनका अभिवादन किया। बाद में दोनों नेता रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के टेकारी में आयोजित किसान महापंचायत में पहुंचे और वहां उन्होंने किसानों की समस्याओं पर चर्चा की।

Advertisement

राहुल गांधी की इस यात्रा को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा थी। विपक्षी महागठबंधन के दोनों नेता कैमूर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले बृहस्पतिवार को राहुल ने बिहार के औरंगाबाद जिले में एक रैली को संबोधित किया और प्रदर्शनकारी किसानों का खुलकर समर्थन किया।

उन्होंने किसानों की तुलना उन सैनिकों से की जो देश की रक्षा के लिए सीमाओं पर लड़ते हैं। कांग्रेस नेता फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानून और ऋण माफी सहित अपनी मांगों के लिए केंद्र पर दबाव बनाने के लिए किसानों के आंदोलन का जिक्र कर रहे थे। बता दें कि पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर किसान अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। कांग्रेस ने किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bharat jodo nyay yatra, Tejasvi yadav and Rahul Gandhi, rahul gandhi in bihar, loksabha election 2024, BJP, narendra modi
OUTLOOK 16 February, 2024
Advertisement