Advertisement
14 June 2024

बिहार विधानसभा उपचुनाव: जद(यू) ने उम्मीदवार की घोषणा की

बिहार विधानसभा उपचुनाव: जद(यू) ने उम्मीदवार की घोषणा की

जनता दल (यूनाइटेड) ने रूपौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव में अपने प्रत्याशी का शुक्रवार को ऐलान किया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली पार्टी ने यहां से कलाधर प्रसाद मंडल को टिकट दिया है। रूपौली विधायक बीमा भारती के इस्तीफे के कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।

जद (यू) के टिकट पर तीन बार विधानसभा चुनाव में विजयी रहीं भारती ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पार्टी छोड़ दी थी। हाल में हुए आम चुनाव में भारती ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर पूर्णिया लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

पूर्णिया लोकसभा सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार पप्पू यादव ने जीत दर्ज की और जद(यू) प्रत्याशी संतोष कुशवाहा दूसरे स्थान पर रहे थे। भारती को महज 27120 वोट मिले थे और उनकी जमानत जब्त हो गई।

जद(यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पार्टी ने रूपौली विधानसभा उपचुनाव के लिए कलाधर प्रसाद मंडल को उम्मीदवार घोषित किया है। राज्य में 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में मंडल ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भारती के खिलाफ चुनाव लड़ा था।

Advertisement

कुशवाहा के अनुसार, मंडल के उम्मीदवारी की "मुख्यमंत्री ने मंजूरी दी है।" राजद की गठबंधन साझीदार भाकपा ने रूपौली विधानसभा उपचुनाव लड़ने की घोषणा की है। रूपौली सीट पर नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून है और मतदान 10 जुलाई को होगा।

TAGS: Bihar Assembly by-election, JDU, BJP, RJD, Nitish Kumar
OUTLOOK 14 June, 2024
Advertisement