Advertisement
02 July 2021

इस्तीफा बना बवाल: नीतीश अपने ही साथियों से घिरे, सहनी के बाद अब मांझी ने भी सरकार पर उठाए सवाल

समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी के बयान से बिहार की सियासत में हलचल मच गई है। सहनी ने कहा था कि बिहार में अधिकारी तो छोड़िए, चपरासी भी उनकी बात नहीं सुनते। उन्होंने यहां तक कह दिया कि वे इस्तीफा देने जा रहे हैं। जदयू के कोटे से मंत्री सहनी के बयान के बाद अब हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने भी निशाना साधा है। वहीं तेजस्वी और कांग्रेस ने भी नीतीश कुमार पर बड़े आरोप लगा दिए हैं। 

दैनिक जागरण के मुताबिक, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने दिल्ली से पटना लौटते ही मंत्री मदन सहनी के आरोप का समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि यह सही बात है कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुनते हैं। 20 प्रतिशत ऐसे अफसर हैं जो विधायक, मंत्रियों की नहीं सुनते हैं। मांझी ने कहा है कि इसपर फौरन  रोक लगनी चाहिए। 

इस बयानबाजी के बीच विपक्ष को भी सरकार पर हमला बोलने का मौका मिल गया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अफरशाही हावी है। एक दलित मंत्री जो अतिपिछड़ा समाज से आता उसे अपमानित किया जा रहा है। तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में हो रहे भ्रष्टाचार की वजह मुख्यमंत्री हैं। बिहार के मुख्यमंत्री को जनता नकार चुकी है, इसके बाद भी इनलोगों ने चोर दरवाजे से सरकार बना ली। 

Advertisement

समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी के इस्तीफे की चेतावनी के बाद प्रदेश कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला और कहा कि सहनी प्रकरण ने सिद्ध किया है कि बिहार में नौकरशाही हावी है। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष राजेश राठौर और पार्टी प्रवक्ता आसित नाथ तिवारी ने अलग-अलग बयान जारी कहा कि मदन सहनी प्रकरण ने साबित किया है कि बिहार सुरक्षित हाथों में नहीं। राठौर ने कहा कि सहनी ने नीतीश सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है। प्रदेश में विधायिका पर कार्यपालिका हावी हो गई है, जिसे अब जनता भी भली-भांति जान चुकी है। उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार खुद दखल दें। अन्यथा प्रदेश के अधिकारियों की मनमानी की वजह से राज्य में लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: बिहार, मदन सहनी, नीतीश कुमार, जीतन राम मांझी, जेडीयू, Bihar, Madan Sahni, Nitish Kumar, Jitan Ram Manjhi, JDU
OUTLOOK 02 July, 2021
Advertisement