Advertisement
12 November 2024

भाजपा कांग्रेस की तरह भेदभाव नहीं करती, मोदी मंत्रिमंडल में हैं 27 ओबीसी मंत्री: नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा ने मंगलवार को कांग्रेस पर पिछड़े समुदाय का विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा जाति, पंथ या धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करती है।

झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में 27 ओबीसी मंत्रियों को शामिल किया।

नड्डा ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व मानचित्र पर एक सुनहरे स्थान के रूप में उभरने के बाद उनके तीसरे कार्यकाल के दौरान दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा कांग्रेस की तरह भेदभाव नहीं करती। कांग्रेस पिछड़ों का विरोध करती है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उनकी मंत्रिपरिषद में 27 ओबीसी मंत्री हैं।’’
Advertisement

नड्डा ने कहा कि झारखंड में सत्ता में आने पर भाजपा अन्य जातियों के आरक्षण को प्रभावित किए बिना ओबीसी आरक्षण को मौजूदा 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत कर देगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार आदिवासियों के अधिकारों को छीनने वाली सरकार है। उन्होंने कहा, ‘‘(मुख्यमंत्री) हेमंत सोरेन जमानत पर हैं और कभी भी जेल जा सकते हैं, ऐसी ताकतों को अलविदा कहें। राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा को वोट दें।’’

सोरेन को भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। झारखंड उच्च न्यायालय ने 28 जून को उन्हें जमानत दे दी थी।

नड्डा ने कहा कि अगर झारखंड में भाजपा सत्ता में आती है, तो वह 10 मेडिकल कॉलेज स्थापित करेगी, साथ ही निर्बाध परिवहन के लिए वाया रांची, वाराणसी और कोलकाता के बीच एक एक्सप्रेसवे का निर्माण करेगी।

 

TAGS: JP Nadda, OBC ministers in Cabinet, Modi Cabinet diversification, Bypoll elections
OUTLOOK 12 November, 2024
Advertisement